आम का पुरा गांव के शेर सिंह के बेटे जितेन्द्र की शादी का रिश्ता धौलपुर के महाजपुर गांव से तय हुआ था। रिश्ता भाऊ पुरा गांव के सचिन पुत्र हरगोविंद के बड़े भाई ने अपनी ससुराल महाराज पुर से तय कराया था। 17 फरवरी को लग्नोत्सव था। रविवार की शाम किसी काम से जितेन्द्र सचिन के साथ बाइक से जरार आ रहा था। नरहौली एवं जरार के बीच स्थित ढाबे के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक सवारों को रौंद दिया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद दोनों बाइक सवार उछलकर गिरे और सड़क पर घिसटते चले गये। जिससे दोनों बुरी तरह से घायल हो गये।
सूचना पर पहुंची बाह पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए बाह सीएचसी पर भर्ती कराया। जहां से दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद एंबुलेंस के जरिए एसएन मेडीकल कॉलेज आगरा भेजा गया है। एसएन पहुंचते ही दोनों की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद वाहन समेत चालक भागने में सफल रहा। प्रभारी निरीक्षक बाह ने बताया कि हादसे में घायल युवकों की उपचार के लिए एसएन भेजा गया था। दुर्घटना करने वाले वाहन की पहचान एवं तलाश की जा रही है।
पांच भाइयों में सबसे छोटा था सचिन, शादी कार्ड के साथ खींच ले गई मौत
भाऊ पुरा का मृतक सचिन पांच भाइयों में सबसे छोटा था। जामनगर में हलवाई की दुकान में काम करता था। मृतक के पिता हरगोविंद भट्टा पर मजदूरी करते हैं। सचिन के तीसरे नंबर के भाई सनी ने आम का पुरा के जितेन्द्र का रिश्ता तय कराया था। जितेन्द्र रविवार को शादी के निमंत्रण का कार्ड देने के लिए भाऊ पुरा आया था। भाऊ पुरा से दोनों जरार के लिए निकले थे और हादसे का शिकार हो गये। सचिन की मौत से परिवार मातम में डूब गया है। परिजन बेहाल हैं।
दूल्हे की मौत ने छीन ली शादी की खुशियां
आम का पुरा के शेर सिंह राजमिस्त्री का काम करते हैं।उनके दो बेटे हैं,बड़े बेटे जितेन्द्र की शादी थी। कल(17 फरवरी) को लग्नोत्सव था। परिवार शादी की तैयारी में जुटा था। शादी कार्ड भी करीब करीब बट चुके थे। रिश्तेदार भी आने लगे थे।हादसे में जितेन्द्र की मौत ने परिवार से शादी की खुशियां छीन ली। शादी की खुशियों की जगह पर मातमी कोहराम मच गया है।मृतक हलवाई का काम करता था।