आगरा के कस्बा फतेहाबाद के बाह बाईपास रोड पर सोमवार सुबह सड़क किनारे खड़े 75 वर्षीय वृद्ध को ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल वृद्ध की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर समेत मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों के मुताबिक सैदपुर थाना निबोहरा निवासी रामलक्षिन पुत्र भगवती स्वरूप सोमवार को किसी काम से फतेहाबाद आए थे। सुबह करीब साढ़े दस बजे वह बाह रोड बाईपास पर सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान बाह की ओर से तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी परिजन को दी। परिजन और स्थानीय लोग घायल वृद्ध को उपचार के लिए आगरा अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही ट्रैक्टर और चालक की तलाश में जुटी है।