आगरा। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बल्केश्वर स्थित संयुक्त निदेशक कार्यालय परिसर में बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय छात्र परिषद ने प्रदर्शन किया। उन्होंने कई निजी आईटीआई कॉलेज के धरातल पर न होने का आरोप लगाया।
परिषद के ब्रज प्रांत प्रभारी रौनक ठाकुर ने कहा कि निजी आईटीआई कॉलेज में भी छात्रों ने एडमिशन कराए हैं। उनकी छात्रवृत्ति लगातार आ रही हैं। पर, क्लास नहीं हो पा रही है। कॉलेज मिलते ही नहीं हैं। उन्होंने चार कॉलेजों के नाम लेकर आरोप लगाए। कहा कि तीन कॉलेजों की शिकायत पर जिलाधिकारी ने भौतिक सत्यापन कराया था। परिषद को जांच रिपोर्ट से अवगत नहीं कराया जा रहा है। धरना स्थल पर एक छात्र अनुभव शर्मा आया। उसने बताया कि वह 10 दिन से परेशान है, उसे क्लास के लिए उसका भी कॉलेज नहीं मिल रहा है। इस दौरान अर्जुन चक, गौरव कुशवाह, सुनील प्रजापति व अन्य राष्ट्रीय छात्र परिषद के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
दूसरी ओर संयुक्त निदेशक, आईटीआई संजय सागर का कहना है कि सभी निजी आईटीआई कॉलेज का भौतिक सत्यापन कराया जा रहा है। जांच में जो भी कॉलेज मौके पर नहीं मिलेंगे, उन पर कार्रवाई की जाएगी।