आगरा के एमजी रोड पर मेट्रो का निर्माण कार्य चल रहा है। यातायात व्यवस्था को सुचारु करने के लिए जहां पर कार्य पूरा हो रहा है, वहां से बैरिकेडिंग को हटाया जा रहा है। फिलहाल आगरा काॅलेज और सुभाष पार्क के सामने एक लेन पर तकरीबन 100-100 मीटर तक बैरिकेडिंग को हटा दिया गया है। इससे वाहनों का आवागमन आसान हो गया है।
एमजी रोड पर भगवान टाॅकीज से लेकर प्रतापपुरा तक और हाईवे पर आईएसबीटी से सिकंदरा तक मेट्रो ने बैरिकेडिंग की हुई है। एमजी रोड पर एक और हाईवे पर दो लेन घिर गई हैं। इससे वाहनों को निकलने में समस्या का सामना करना पड़ता है। वाहनों का दबाव बढ़ने पर जाम लग जाता है। पिछले दिनों पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने बैठक की थी। इसमें निर्देश दिए थे कि मेट्रो की बैरिकेडिंग को पिलर का निर्माण और यूगर्डर रखे जाने पर हटा दिया जाए। इससे आवागमन सुगम हो सके।
इसके साथ ही मेट्रो की व्यवस्था को देखने के लिए एसीपी सदर इमरान अहमद को जिम्मेदारी दी थी। इसका असर यह हुआ कि उन स्थानों को चिह्नित किया जा रहा है, जहां पर काम पूरा हो गया है। इसी क्रम में आगरा और सुभाष पार्क के सामने 100-100 मीटर तक एक तरफ की बैरिकेडिंग को हटा दिया गया है। जल्द ही दूसरी तरफ की भी बैरिकेडिंग हटाई जा सकती हैं।