आगरा। राजस्व अधिकारियों को वाहन उपलब्ध कराने में कोताही बरतने वाली मथुरा की फर्म मैसर्स हैप्पी शर्मा कॉन्ट्रैक्टर एंड टूर एंड ट्रैवल्स को प्रशासन ने ब्लैकलिस्ट किया। उनकी 2.70 लाख रुपये जमानत राशि भी जब्त कर ली।
एडीएम प्रोटोकॉल प्रशांत तिवारी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए तहसीलदारों और न्यायिक अधिकारियों के उपयोग के लिए जेम पोर्टल के माध्यम से इस फर्म का चयन हुआ था। फर्म को 26,068 रुपये प्रति वाहन की दर से कुल 23 बोलेरो उपलब्ध करानी थीं। अनुबंध के बावजूद फर्म ने समय पर गाड़ियां नहीं दीं और कई बार बीच में ही वाहन हटा लिए।
नोटिस के बाद भी नहीं हुआ सुधार
एडीएम प्रशांत तिवारी ने बताया कि बार-बार मिल रही शिकायतों के बाद फर्म को नोटिस जारी कर चेतावनी दी गई थी, लेकिन सेवाओं में कोई सुधार नहीं हुआ। निविदा शर्तों के गंभीर उल्लंघन को देखते हुए अब जेम पोर्टल पर फर्म का कॉन्ट्रैक्ट निरस्त कर उसे ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है।