आगरा। अगर हाईवे के भगवान टॉकीज, अबुल उलाह दरगाह, वाटरवर्क्स चौराहा और रामबाग कट पर बसों को यात्रियों के चढ़ने उतरने के लिए रोका गया तो आज से बस को सीज करने की कार्रवाई की जाएगी। जाम की समस्या देखते हुए रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक बीपी अग्रवाल ने बस चालकों से कहा है कि प्रतिबंधित स्थानों पर बसें न रोकी जाएं।
शुक्रवार को जिले के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता में निर्णय लेने के बाद यह निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने चालकों से कहा है कि बसें केवल बस अड्डों से ही यात्रियों को लें। भगवान टाॅकीज, अबुल उलाह दरगाह, वाटरवर्क्स और रामबाग कट पर न रोकें। डीएम अरविंद बंगारी ने स्पष्ट किया कि शनिवार 17 जनवरी के बाद इन स्थानों पर निगम की कोई भी बस पाई गई तो बस काे सीज करने की कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्रीय प्रबंधक बीपी अग्रवाल ने बताया कि यात्रियों से भी अपील की गई है कि वह आईएसबीटी से ही बस में चढ़ें। उन्हाेंने कहा कि इसका उल्लंघन होने पर संबंधित डिपो अधिकारी और बस चालक-परिचालक जिम्मेदार होंगे और विभागीय कार्यवाही की जाएगी।