Cough Medicine: मध्यप्रदेश और राजस्थान में खांसी की दवा पीने से सात बच्चों की मौत होने की आशंका पर रोक लगा दी गई है। वहीं इसे लेकर आगरा में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है।
मध्य प्रदेश और राजस्थान में सर्दी खांसी की दवा से बच्चों की मौत की आशंका जताई जा रही है। दोनों राज्यों में अब तक सात बच्चों की मौत हुई है। सबसे ज्यादा मौतें मध्यप्रदेश में दर्ज की गई हैं। यहां पर छह बच्चों ने दम तोड़ दिया है, वहीं एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। जबकि राजस्थान में एक बच्चे की मौत हो चुकी है। कई बच्चों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। इसे लेकर अब आगरा में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है।
विज्ञापन
सहायक आयुक्त औषधि डॉ. अतुल उपाध्याय ने बताया कि शासन और ड्रग कंट्रोलर की ओर से अभी तक इस दवा पर रोक लगाने के निर्देश नहीं आए हैं, लेकिन एहतियातन शहर के मेडिकल स्टोर्स में उपलब्ध इन कफ सिरप की जांच कराई जाएगी। जिससे सतर्कता रहे।
राजस्थान के भरतपुर और श्रीमाधोपुर (सीकर) के बाद जयपुर में भी दो साल की बच्ची की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया। बच्ची को वही डेक्सट्रोमेथॉरफन हाइड्रोब्रोमाइड सिरप दी गई थी, जिसे पीने के बाद उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इन घटनाओं के बाद राजस्थान चिकित्सा विभाग ने इस दवा की सप्लाई को तत्काल होल्ड कर दिया है।