धौलपुर में हलवाई के यहां होली खेलने जा रहे तीन बाइक सवारों को सामने से आ रही कार ने मनिया के हनोता चौकी के पास टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए धौलपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालात चिंताजनक होने पर उसे आगरा के लिए रैफर कर दिया गया है।
घटनाक्रमानुसार थाना डौकी क्षेत्र के गांव बाजिदपुर निवासी ऋषभ पुत्र गोधन सिंह 24 वर्ष, दुर्गेश पुत्र छोटे लाल 18 वर्ष और वीरेन्द्र पुत्र गीताराम 15 वर्ष निवासीगण अमरूपुरा थाना सैंया हलवाई का काम करते हैं। उनका एक साथी धौलपुर में रहता है। बुधवार की दोपहर को ऋषभ गांव अमरूपुरा अपने साथियों से मिलने आया था, तभी तीनों युवकों ने अपने साथी के घर धौलपुर में होली खेलने जाने की योजना बनाई। तीनों दोस्त एक बाइक पर बैठ कर धौलपुर जा रहे थे। धौलपुर की ओर से आ रही कार ने मनिया के हनौता चौकी के पास बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में ऋषभ और दुर्गेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वीरेंद्र गम्भीर रूप से घायल हो गया। मनियां पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वहीं घायल को उपचार के लिए धौलपुर जिला अस्पताल भेजा था, जिसे गम्भीर अवस्था में होने के कारण आगरा रैफर कर दिया गया है। कार में सवार लोग घटना के बाद मौके पर गाड़ी छोड़ कर भाग गए। कार को थाना मनिया पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। मृतक ऋषभ और दुर्गेश अविवाहित थे। वे हलवाई का काम करते थे। युवकों की मौत की खबर आते ही परिवार मे कोहराम मच गया। होली की खुशी मातम बदल गईं।