बटेश्वर यमुना का मरम्मत होकर आवागमन को तैयार पांटून पुल
बटेश्वर। तीर्थ नगरी बटेश्वर में यमुना नदी पर बना अस्थाई पांटून पुल बृहस्पतिवार को मरम्मत कार्य के बाद दोबारा आवागमन के लिए खोल दिया गया। पुल के चालू होने से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों ने बड़ी राहत की सांस ली है।
गौरतलब है कि बुधवार को एक हाइड्रा मशीन से मोटर बोट ले जाते समय पांटून पुल टूट गया था। हाइड्रा मशीन यमुना नदी में समा गई थी। बृहस्पतिवार सुबह ठेकेदार ने पुल की मरम्मत कराई। नदी में डूबी हाइड्रा मशीन को बाहर निकलवाया। टूटे पुल की मरम्मत का कार्य पूरा कर इसे दोबारा वाहनों और पैदल यात्रियों के लिए चालू कर दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि लगभग आधा दर्जन गांवों के लोगों के लिए ब्लॉक मुख्यालय, तहसील और मुख्य मार्गों तक पहुंचने का यह पुल ही एकमात्र सहारा है। पुल के दोबारा शुरू होने से ग्रामीणों ने खुशी जाहिर की है।