आगरा में संगमरमर पर दस्तकारी का फन मुगलकाल से चला आ रहा है, लेकिन इस्लाम के मजहबी मरकज में ताजगंज के अदनान शेख ने इस कला की खूबसूरती को दिखाने का कमाल दिखाया है। अदनान मार्बल हैंडीक्राफ्ट में नायाब तरीकों से इस कला को पेश करने के लिए जाने जाते हैं। अदनान बताते हैं कि उन्हें पाक शहर मक्का में बनाई गई मक्का-ए-मुनव्वरा मस्जिद में ताजमहल के गेटों पर लगे मार्बल की तरह कुरान शरीफ की आयतों के साथ पैनल तैयार करने का काम मिला था।
जयपुर की कंपनी के साथ मिलकर 55 पैनल तैयार करके लगवाए गए हैं। इस बार हज करने पहुंचे दुनियाभर के मुस्लिमों ने आगरा की इस नायाब कारीगरी को नजदीक से देखा। मंटोला से हज करने पहुंचे समीर कुरैशी ने बताया कि मक्का मस्जिद में आगरा की संगमरमर कारीगरी को देखकर वे हैरान रह गए। जब उन्होंने जानकारी की तो पता चला कि यह कारीगरी उनके शहर के कारोबारी की ही देन है। ताजमहल की तर्ज पर ही इस मस्जिद के गेटों पर सोने व कीमती पत्थरों से कुरान शरीफ की आयतें चमक रही थीं, जिन्हें देखने के लिए दुनियाभर के मुस्लिम लालायित नजर आए।