आगरा में मान्यता की शर्तों और विभागीय नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में 17 निजी स्कूलों को नोटिस जारी किए गए हैं। जांच में निजी प्रकाशकों की किताबें पढ़ाने और स्कूल परिसर में किताबों के बंडल बेचने की शिकायतें सही पाई गईं। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर एक लाख रुपये जुर्माने की चेतावनी दी गई है।
मान्यता की शर्तों और विभागीय नियमों का उल्लंघन करने वाले 17 निजी स्कूलों को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से जुर्माना नोटिस जारी किए गए हैं। शिकायत टीम पापा (प्रोग्रेसिव एसोसिएशन ऑफ पेरेंटस) के अध्यक्ष मनोज शर्मा ने जिलाधिकारी मनीष बंसल से की थी।
विज्ञापन
जिलाधिकारी की ओर से 6 मई 2026 को नगर मजिस्ट्रेट व डिप्टी कलेक्टर एवं बीईओ की 6 अलग-अलग जांच टीम बनाई गई थी। जांच में शिकायतें सही पाई गईं। कक्षा एक से पांच तक हिंदी, अंग्रेजी और विज्ञान की किताबों और कक्षा सात-आठ के कुछ विषयों में निजी प्रकाशकों से पढ़ाया जा रहा है। जांच में यह भी सामने आया कि स्कूल में कुछ किताबें बंडल के रूप में बेची जा रही थीं। अभिभावकों को स्कूल परिसर से ही किताबें उपलब्ध कराने की बात भी जांच में सामने आई।
बीएसए डॉ. राकेश सिंह ने संबंधित स्कूल से इन अनियमितताओं के संबंध में साक्ष्यों सहित लिखित स्पष्टीकरण मांगा है। नोटिस में कहा गया है कि एक सप्ताह के भीतर जवाब प्रस्तुत किया जाए। संतोषजनक जवाब न मिलने या विलंब होने की स्थिति में उत्तर प्रदेश स्ववित्तपोषित स्वतंत्र विद्यालय (शुल्क निर्धारण) अध्यादेश, 2018 के प्रावधानों के तहत एक लाख रुपये के जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। संवाद