आगरा विश्वविद्यालय का हाल भी गजब का है। विश्वविद्यालय से संबद्ध 566 कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया धीमी चल रही है। समर्थ पोर्टल पर 1.42 लाख विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया, लेकिन अब तक सिर्फ 19 हजार के दाखिले ऑनलाइन दर्ज हुए हैं।
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय से संबद्ध 566 कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया की रफ्तार धीमी है। समर्थ पोर्टल पर अब तक करीब 1.42 लाख विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है, लेकिन इनमें से सिर्फ 19 हजार विद्यार्थियों के दाखिले ऑनलाइन हो सके हैं। पंजीकरण कराने वाले विद्यार्थियों की संख्या के मुकाबले दाखिलों का आंकड़ा काफी कम है। प्रवेश प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने बृहस्पतिवार को सभी संबद्ध कॉलेजों के प्रतिनिधियों के साथ ऑनलाइन बैठक की।
विज्ञापन
समर्थ पोर्टल प्रभारी मनु प्रताप सिंह ने बताया कि विद्यार्थियों के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 25 अगस्त कर दी गई है। वहीं, कॉलेज संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी दाखिलों को ऑनलाइन पोर्टल पर भी चढ़ाएं। उन्होंने बताया कि पंजीकरण के बाद प्रवेश प्रक्रिया पूरी कराने में कॉलेज स्तर पर दस्तावेजों के सत्यापन समेत अन्य प्रक्रियाओं में समय लग रहा है।
इसी को देखते हुए कॉलेजों को पंजीकरण कराने वाले विद्यार्थियों के संपर्क में रहकर जल्द-से-जल्द प्रवेश पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा कॉलेज स्तर पर दाखिला लेने वाले किसी भी विद्यार्थी का प्रवेश पोर्टल पर दर्ज होने से छूटना नहीं चाहिए। इससे वास्तविक दाखिलों की स्थिति भी स्पष्ट हो सकेगी।