फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आज सुबह 8:06 बजे से लगेगी अक्षय तृतीया

Sun, 12 May 2013 05:30 AM IST
Lucknow
विज्ञापन
विज्ञापन
लखनऊ। अक्षय तृतीया (बैसाख शुक्ल पक्ष की तृतीया) 12 मई रविवार सुबह 8:06 बजे के बाद से लग जाएगी, जो सोमवार सुबह 10 बजे के बाद तक रहेगी। ज्योतिषाचार्यों के मुताबिक दिन भर तृतीया का मान रहने से खरीददारी या विवाह के लिए शुभ है, लेकिन रविवार को उदया तिथि में तृतीया का मान न मिल पाने के कारण इस दिन दान-पुण्य करना श्रेयस्कर नहीं रहेगा। अगले दिन सोमवार को सुबह उदया तिथि में तृतीया मिलने के कारण इस दिन दान-पुण्य करना उत्तम रहेगा। महानगर निवासी आचार्य प्रदीप ने बताया कि निर्णय सिंधु के मुताबिक उदया तिथि में जब तृतीया का मान मिले तो उस दिन दान आदि करना श्रेयस्कर रहता है। उन्होंने बताया कि चूंकि 13 को तृतीया का मान सुबह 10 बजे तक ही रहेगा। इस दिन स्नान-दान करना उत्तम रहेगा। उससे पहले भी उत्तम मुहूर्त में खरीददारी की जा सकती है। मान्यता है कि इस दिन किए गए दान का पुण्य और खरीदा गया सामान अक्षय रहता है। अक्षय तृतीया पर अबुझ मुहूर्त होने के कारण शादियों की धूम रहेगी।
विज्ञापन


कब क्या खरीदें
आचार्य प्रदीप ने बताया कि अक्षय तृतीया पर सोना-चांदी, हीरे-जवाहरात, जमीन, खेत, प्रॉपर्टी, मकान, कार, बाइक, इलेक्ट्रॉनिक आइटम खरीदने के लिए लग्नों के अनुसार कई शुभ मुहूर्त हैं।

आभूषण और प्रॉपर्टी
सुबह 05:33 बजे से 07:29 बजे तक। (वृष लग्न)
दोपहर 12:00 बजे से 02:14 बजे तक। (सिंह लग्न)
शाम 06:43 बजे से 09:00 बजे तक। (वृश्चिक लग्न)

वाहन व इलेक्ट्रॉनिक आइटम
सुबह 09:42 बजे से 11:59 बजे तक
शाम 04:27 बजे से 06:43 बजे तक।

वस्त्र
सुबह 02:14 बजे से 04:27 बजे तक

अक्षय रहता है दान-पुण्य
अक्षय तृतीया को ईश्वरीय तिथि माना गया है। मान्यता है कि इसी दिन से त्रेतायुग का शुभारंभ हुआ था। इसीलिए इसे युगाब्दि तृतीया भी कहा जाता है। ऐसी मान्यता है कि इस दिन किया गया जप, तप, दान, धर्म का पुण्य कभी भी नष्ट नहीं होता। किसी भी वस्तु का नाश न हो इसलिए अक्षय तृतीया मनाई जाती है।
विज्ञापन


महिलाओं के विशेष सौभाग्यशाली
बैसाख शुक्ल पक्ष की तृतीया को सौभाग्य दिवस भी कहा जाता है। इस दिन परिवार की महिलाएं व्रत रखकर विशेष पूजा-अर्चना करती है ताकि परिवार में सिद्धि आए। लोक मान्यताओं के अनुसार इसे लक्ष्मी सिद्धि दिवस भी कहते हैं।

पौराणिक मान्यताएं
अक्षय तृतीया के दिन भगवान विष्णु के परशुराम अवतार का जन्म हुआ था। अक्षय तृतीया ही वो शुभ घड़ी थी जब भगवान नर-नारायण और भगवान विष्णु का हयग्रीव अवतार हुआ। अक्षय तृतीया वर्ष के उन चार अभिजित मुहूर्तों में से एक है जब वैवाहिक कार्यों के लिए किसी मुहूर्त का होना जरूरी नहीं। परंपराओं के अनुसार, चार धामों में से एक श्री बद्रीनारायण के पट इसी दिन खुलते हैं। वृंदावन में बांके बिहारी के चरणों के दर्शन भी साल में एक बार इसी दिन ही होते हैं।

कैसे करें पूजन
भविष्य पुराण के मुताबिक, अक्षय तृतीया को पुण्य तिथि कहा जाता है। इस दिन गंगा स्नान विशेष फल देता है। सुबह स्नान के बाद भगवान नारायण का पूजन करने के बाद जल से भरा घट दान-कुंभदान करना चाहिए। साथ में मौसमी फल, सफेद मिष्ठान्न रहें तो और भी अच्छा रहेगा। संकल्पित दान भी करना चाहिए।

शादियां की रहेगी धूम
अबुझ मुहूर्त होने के चलते अक्षय तृतीया पर शहर में जबरदस्त सहालग है। अनुमान के मुताबिक, शहर में अक्षय तृतीया पर शादियों और वैवाहिक समारोह समेत लगभग 500 से 700 समारोह होने की संभावना है। इसमें अगर कस्बों में होने वाले आयोजनों को भी जोड़ लिया जाए तो वैवाहिक समारोहों की संख्या काफी हो सकती है। डालीगंज निवासी आचार्य कृष्णकांत ने बताया कि रोहिणी नक्षत्र होने के चलते शुभ मुहूर्त है। साथ ही आभूषण, प्रॉपर्टी समेत अन्य सामानों की खरीद-फरोख्त के लिए लोगों के जुटने से बाजारों में रौनक रहेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें