ऑस्ट्रेलियन बैडमिंटन ओपन 2026 में बुधवार को स्टार शटलर पीवी सिंधू और युवा सनसनी तन्वी शर्मा ने दूसरे राउंड में अपनी जगह पक्की कर ली है। पूर्व विश्व चैंपियन सिंधू ने ओलंपिक बुलेवार्ड वेन्यू पर पेरू की इनेस कैस्टिलो को सीधे गेम में 21-13, 21-11 से हराया। दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट ने शुरू से ही मैच पर अपना दबदबा बनाए रखा और आधे घंटे से कुछ ज्यादा समय में मुकाबला खत्म कर दिया।
प्री-क्वार्टर फाइनल में सिंधू का मुकाबला हमवतन इशरानी बरुआ से होगा। विश्व नंबर 39 इशरानी ने चीन की हान कियानक्सी के खिलाफ 22-20, 10-21, 21-14 से जीत दर्ज करने के साथ अगले दौर में जगह बनाई है। 17 वर्षीय तन्वी शर्मा ने विश्व नंबर-11 चीनी ताइपे की चिउ पिन-चियन को 21-12, 22-20 से शिकस्त दी। अगले राउंड में उनका सामना मालविका बंसोड़ से होगा, जिन्होंने थाईलैंड की टोनरुग साएहेंग को 15-21, 21-7, 21-13 से मात दी है।
विश्व जूनियर चैंपियनशिप की मौजूदा सिल्वर मेडलिस्ट तन्वी के लिए यह जीत उत्साह बढ़ाने वाली है, क्योंकि इस सीजन में बीडब्ल्यूएफ सर्किट पर उनका सफर काफी मुश्किल भरा रहा है। पिछले एक साल में रैंकिंग में तेजी से ऊपर आने के बावजूद, यह युवा भारतीय खिलाड़ी 2026 में अपने पिछले आठ में से केवल दो टूर्नामेंट्स में ही पहले राउंड से आगे बढ़ पाई थी। एक तरफ विमेंस सिंगल्स में भारतीय खिलाड़ियों का अभियान जोर पकड़ रहा था, वहीं पुरुषों की चुनौती जल्द खत्म हो गई। किरण जॉर्ज को मलेशिया के जस्टिन होह ने कड़े मुकाबले में तीन गेम में हराया, जबकि क्वालीफायर सनीथ दयानंद चीन के हू झे-आन से हार गए।
दिन की सबसे करीबी हार थारुन मन्नेपल्ली को मिली। चीनी ताइपे के विश्व नंबर-10 खिलाड़ी लिन चुन-यी के खिलाफ, भारतीय खिलाड़ी ने एक घंटे 20 मिनट तक संघर्ष किया, लेकिन पहले दौर के रोमांचक मुकाबले में 18-21, 21-13, 23-25 से हार गए। महिला एकल ड्रॉ में भारत की मौजूदगी और बढ़ी, जब तान्या हेमंत ने यूएसए की इशिका जायसवाल को 21-17, 21-18 से हराया। हालांकि, मलेशिया की वोंग लिंग चिंग से 19-21, 21-19, 20-22 से हारने के बाद आकर्षी कश्यप का सफर खत्म हो गया।