जनता से मिली आपत्तियों और दावों पर सुनवाई पूरी, जिले की 412 पंचायतों में होने हैं चुनाव
विज्ञापन
कई पंचायतों के पुनर्गठन की चल रही है प्रक्रिया
हर विकास खंडों में जारी होगी मतदाता सूची
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। जिले में पंचायत चुनाव के लिए वीरवार (13 नवंबर) को अंतिम मतदाता सूचियां जारी की जाएंगी। इसके लिए जिला प्रशासन ने निर्देश जारी कर दिए हैं। सभी विकास खंडों में यह मतदाता सूचियां जारी होंगी। उपायुक्त कार्यालय की ओर से भी इसका प्रकाशन किया जाएगा।
प्रशासन के अनुसार जिले की 412 पंचायतों के चुनाव के लिए मतदाता सूचियां तैयार करने का काम पूरा कर लिया है। पंचायतों से कई मतदाताओं के नामों को लेकर आपत्तियां और सुझाव मिले थे जिन पर सुनवाई पूरी कर ली है। अब अंतिम मतदाता सूचियां तैयार हैं और राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश के अनुसार वीरवार को इनका अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। अब किसी भी तरह की आपत्तियां या सुझाव नहीं लिए जाएंगे। इस साल के अंत या जनवरी महीने की शुरुआत में पंचायत चुनाव करवाने की घोषणा हो सकती है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन सभी तरह की औपचारिकताएं पूरी कर रहा है। पंचायत चुनाव इस बार भी बैलेट पेपर से होंगे। इसलिए इसे लेकर तैयारियां पूरी की जा रही हैं। एडीसी दिव्यांशु सिंगल ने बताया कि पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासन तैयार है। मतदाता सूची वीरवार को जारी हो जाएगी।
जिले में कई पंचायतों का पुनर्गठन
जिला में कई पंचायतों के पुनर्गठन को लेकर प्रक्रिया पूरी की जा रही है। जिला प्रशासन के अनुसार स्थानीय लोगों की ओर से पिछले कुछ समय से अपने इलाके दूसरी पंचायतों में मर्ज (समायोजित) करने को लेकर प्रस्ताव मिले हैं। इन्हें दूसरी पंचायतों में मर्ज करने को लेकर प्रक्रिया चल रही है। अभी मर्ज करने से जुड़ा कोई नया प्रस्ताव नहीं लिया है। पुराने प्रस्तावों के आधार पर ही कुछेक पंचायतों में नए इलाके शामिल किए जा रहे हैं। यह प्रक्रिया भी इसी महीने पूरी करने को कहा है। इसके बाद पंचायत चुनाव के लिए रोस्टर जारी किया जाएगा।