बिहार, गुजरात, पंजाब और महाराष्ट्र से हजारों की संख्या में बर्फ देखने शिमला पहुंच रहे सैलानी
विज्ञापन
होटलों में अभी 70 फीसदी तक है आक्यूपेंसी संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी में हाल ही में हुई ताजा बर्फबारी के बाद एक बार फिर पर्यटन कारोबार में उछाल आया है। जिले में मंगलवार रात को हुई सीजन की दूसरी बर्फबारी के बाद देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक शिमला पहुंच रहे हैं।
रिज मैदान से चारों तरफ ऊंची पहाड़ियां बर्फ से लकदक हैं। इसके अलावा जाखू की पहाड़ी भी बर्फ भरी हुई है। हर रोज सैकड़ों सैलानी जाखू जाकर मस्ती कर रहे हैं। शिमला घूमने आए ज्यादातर सैलानी बिहार, गुजरात, पंजाब और महाराष्ट्र से हैं। वीकेंड से पहले ही शहर के होटलों में 60 से 70 फीसदी कमरे बुक हैं। वीकेंड तक यह संख्या 100 फीसदी तक पहुंचने की उम्मीद है। बुधवार को भी दिनभर रिज मैदान और मालरोड पर सैलानियों की खूब चहल पहल देखने को मिली। इस दौरान छोटे बच्चे बर्फ के ढेरों के बीच में मस्ती करते हुए नजर आए।
विज्ञापन
स्थानीय कारोबारियों का कहना है कि बर्फबारी से होटल व्यवसाय, टैक्सी सेवा, रेस्तरां और कपड़ा बाजार में अच्छी आमदनी हो रही है। लंबे समय बाद पर्यटन गतिविधियों में आई इस तेजी से स्थानीय लोगों के चेहरे खिले हुए हैं। पर्यटन विभाग और प्रशासन ने सैलानियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं को मजबूत किया है। पुलिस द्वारा फिसलन भरी सड़कों पर वाहन चलाने को लेकर निर्देश जारी किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि सुबह के वक्त सड़कों पर फिसलन ज्यादा होती है लिहाजा वाहन धीमी गति से चलाएं। इसके अलावा हो सके तो धूप निकलने के बाद भी ऐसी सड़कों पर निकलें। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में मौसम साफ रहने की संभावना है जिससे पर्यटकों की संख्या में और बढ़ोतरी हो सकती है। गौरतलब है कि शहर का अधिकतर कारोबार सैलानियों पर निर्भर करता है। शहर में सैकड़ों की संख्या में होटल और रेस्तरां हैं।
वीकेंड पर और बढ़ेगी आक्यूपेंसी होटल एंड रेस्तरां एसोसिएशन के उपाध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा ने बताया कि हिमपात के बाद शहर में सैलानियों की संख्या बढ़ने से कारोबार ने गति पकड़ी है। वीकेंड पर होटलों में आक्यूपेंसी और बढ़ने की संभावना है।