डॉ. एसएस कंवर होंगे नामित सदस्य
डॉ. जोगिंदर, डॉ. एसएस नारटा भी समिति में शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला ने परीक्षा अनुशासन समिति (ईडीसी) का पुनर्गठन कर दिया है। पुनर्गठित समिति में पांच सदस्यों को शामिल किया गया है। पूर्व नियंत्रक परीक्षा, पूर्व प्राचार्य और जैव प्रौद्योगिकी विभाग के प्रोफेसर (पूर्व) डॉ. एसएस कंवर को समिति का सदस्य नामित किया है। इसके साथ ही पूर्व नियंत्रक परीक्षा डॉ. जोगिंदर सिंह नेगी और पूर्व कुलसचिव एवं वाणिज्य विभाग के सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ. एसएस नारटा को समिति में शामिल किया है। इसके अलावा लोक प्रशासन विभाग के सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ. एलआर वर्मा, सेवानिवृत्त उपकुलसचिव चौधरी वरयाम सिंह बैंस को भी समिति का सदस्य बनाया है। परीक्षा अनुशासन समिति विश्वविद्यालय की परीक्षाओं से जुड़े अनुशासनात्मक मामलों की सुनवाई और निपटारे की जिम्मेदारी निभाती है। नकल, अनुचित साधनों के प्रयोग, परीक्षा नियमों के उल्लंघन और संबंधित शिकायतों पर समिति द्वारा निर्णय लिया जाता है। नई समिति तत्काल प्रभाव से लागू मानी जाएगी।