बीते दिनों रेलवे बोर्ड के तकनीकी विंग की टीम ने संग्रहालय का दौरा कर नए मॉडल को तैयार करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद काम शुरू कर दिया है। नए स्वरूप में तैयार होने के बाद यह मॉडल पर्यटकों को असली स्टीम इंजन के भीतर प्रवेश करने जैसा अनुभव देगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार करीब डेढ़ महीने में इसका काम पूरा कर इसे संग्रहालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर स्थापित कर दिया जाएगा। पुराने बस अड्डे के समीप स्थित इस संग्रहालय के प्रवेश द्वार पर पहले से ही स्टीम इंजन के आकार का मॉडल लगाया था। यह मॉडल पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा है। इसे खास तौर पर इस तरह तैयार किया था कि पर्यटकों को असली स्टीम इंजन का एहसास हो सके। हालांकि इसमें लगाई गई कई सुविधाएं कुछ समय बाद खराब हो गई थीं।
इसके चलते यह मॉडल धीरे-धीरे सामान्य प्रवेश द्वार तक ही सीमित रह गया। अब इसके विस्तारीकरण के दौरान कई नई सुविधाएं जोड़ी जाएंगी। मॉडल के भीतर असली स्टीम इंजन की तर्ज पर कलपुर्जे लगाए जाएंगे ताकि पर्यटक जब इसके अंदर प्रवेश करें तो उन्हें पुराने भाप के इंजन जैसा अनुभव हो। इससे संग्रहालय का प्रवेश द्वार पहले से अधिक आकर्षक और दर्शनीय बनेगा।
बाबा भलकू रेल संग्रहालय शिमला के प्रवेश द्वार को बेहतर और आकर्षक बनाने के लिए कुछ मामूली सुधार एवं मरम्मत कार्य विभागीय स्तर पर किए जा रहे हैं। स्टीम इंजन के मॉडल को प्रवेश द्वार से हटाकर संग्रहालय के ग्राउंड फ्लोर पर स्थानांतरित किया है। - विनोद भाटिया, मंडल रेल प्रबंधक, अंबाला