संविधान दिवस के अवसर पर गदर फ्रंट हिमाचल प्रदेश के संयोजक रवि कुमार दलित बुधवार को बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक, चौड़ा मैदान में विभिन्न मांगों को लेकर शांतिपूर्ण धरने पर बैठ गए। उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम 13 सूत्रीय विशेष ज्ञापन प्रस्तुत कर अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग से जुड़े संवैधानिक अधिकारों, आरक्षण, रोजगार, शिक्षा और सामाजिक न्याय के मुद्दे उठाए।
रवि कुमार दलित ने मुख्यमंत्री से इन विषयों पर चर्चा के लिए दो घंटे का समय मांगा है। उनका कहना है कि केवल ज्ञापन स्वीकार करने या औपचारिक आश्वासन देने से समस्याओं का समाधान नहीं होगा। सभी मांगों पर विस्तार से बातचीत और समयबद्ध कार्रवाई की जरूरत है।
अंबेडकर प्रतिमा से आरक्षण तक 13 मांगें
गदर फ्रंट की ओर से मुख्यमंत्री को सौंपे गए ज्ञापन में शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की भव्य प्रतिमा स्थापित करने की दिशा में पहल करने की मांग शामिल है। इसके अलावा चौड़ा मैदान स्थित अंबेडकर के नाम समर्पित पुस्तकालय को उनके साहित्य, विचारों, संविधान और सामाजिक न्याय के अध्ययन के लिए पूरी तरह समर्पित करने की मांग रखी गई है। ज्ञापन में अंबेडकर चौक और बाबा साहेब की प्रतिमा की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, प्रकाश व्यवस्था और स्थायी रखरखाव सुनिश्चित करने की मांग भी की गई है।
आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर गदर फ्रंट ने सरकारी विभागों, बोर्डों, निगमों और विश्वविद्यालयों में एससी-एसटी आरक्षण रोस्टर की समीक्षा करने तथा बैकलॉग पदों को भरने के लिए विशेष भर्ती अभियान चलाने की मांग उठाई है।
अत्याचार निवारण कानून और सफाई कर्मचारियों के मुद्दे
ज्ञापन में अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम को प्रभावी ढंग से लागू करने, पीड़ितों को समय पर न्याय, राहत और सुरक्षा देने की मांग की गई है। इसके साथ सफाई कर्मचारियों की नियमित भर्ती, सेवा सुरक्षा और सम्मानजनक कार्य परिस्थितियां सुनिश्चित करने तथा सेहब समिति के कर्मचारियों की वेतन, रोजगार और सेवा शर्तों से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने की मांग भी शामिल है। गदर फ्रंट ने गरीब और भूमिहीन अनुसूचित जाति परिवारों को शामलात भूमि से जुड़े कानूनी प्रावधानों के अनुरूप आवासीय भूमि और पुनर्वास उपलब्ध करवाने की नीति बनाने की मांग रखी है।
अनुसूचित जाति आयोग को वैधानिक शक्तियां देने की मांग
ज्ञापन में हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति आयोग को विधानसभा में कानून बनाकर प्रभावी वैधानिक शक्तियां देने की मांग भी की गई है। गदर फ्रंट के अनुसार आयोग को जांच करने, अधिकारियों को तलब करने और अपनी सिफारिशों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करवाने की शक्तियां मिलनी चाहिए। इसके अलावा एससी, एसटी और ओबीसी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, छात्रावास, उच्च शिक्षा और रोजगारोन्मुखी सुविधाएं समय पर उपलब्ध करवाने तथा मुख्यमंत्री कार्यालय में वंचित समाज की समस्याओं के लिए सीधा संवाद स्थापित करने की प्रभावी व्यवस्था बनाने की मांग की गई है।