कसुम्पटी क्षेत्र को मंत्री ने दी करोड़ों की सौगातें
चियोग, देहना और कड़रब में किए लोकार्पण और शिलान्यास
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। कसुम्पटी विधानसभा के तीन दिवसीय प्रवास के पहले दिन पंचायतीराज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने चियोग, देहना, कड़रब और नाला गांव में जनसभाएं कीं। इस दौरान मंत्री ने लाखों के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किए।
नाला पंचायतघर के लोकार्पण के दौरान जनसभा में मंत्री ने कहा कि प्रदेश में ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग के तहत बनने वाले भवनों के लिए जो व्यक्ति भूमि दान देंगे, उनके नाम की पट्टिका उसी भवन में लगाई जाएगी। मंत्री ने कहा कि सरकार ने यह फैसला लिया है और जल्द ही इसके बारे में अधिसूचना जारी की जाएगी। नाला पंचायतघर के लिए स्थानीय निवासी भूपराम ने आठ बिस्वा जमीन दान की है। मंत्री ने उन्हें सम्मानित किया और पंचायत घर की दूसरी मंजिल के निर्माण के लिए 30 लाख देने की घोषणा की। साथ ही दो महिला मंडलों को 25-25 हजार देने की घोषणा की। मंत्री ने कहा कि पंचायत की अन्य मांगों पर भी प्रभावी तरीके से प्रयास किए जाएंगे।
चियोग को पंचायतघर और सड़कों की सौगात
चियोग में मंत्री ने कहा कि पंचायत घर के कार्य को पूरा करने के लिए 40 लाख रुपये दिए जाएंगे। इसमें हॉल भी शामिल होगा। पंचायत के तहत छह सड़कों को एफआरए मंजूरी मिल चुकी है। फागू-धरेच मार्ग नाबार्ड से मंजूर हो चुका है और मार्च 2026 तक इसका कार्य शुरू हो जाएगा। उन्होंने चियोग बाजार से चियोग गांव तक टारिंग करने के निर्देश दिए। चियोग बाजार में बिजली की तारों के जंजाल को तुरंत हटाया जाएगा और वर्षाशालिका का निर्माण किया जाएगा। चड़ेल सड़क के लिए दो लाख और लहाली सड़क के लिए एक लाख रुपए देने की घोषणा भी की।
देहना में जनसभा में मंत्री ने कहा कि इस पंचायत में विभिन्न मदों में पिछले ढाई वर्षों में करीब 55 लाख के विकास कार्य हुए हैं। पंचायत से एचआरटीसी टेंपो ट्रैवलर चलाने का मामला एचआरटीसी प्रबंधन के समक्ष रखा गया है। उन्होंने निर्माणाधीन पंचायत घर का कार्य मार्च 2026 से पहले पूरा करने को कहा।
पंचायत के नाम भूमि होने पर ही मिलेगा बजट
उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक प्रस्तावित भवन के लिए भूमि पंचायत के नाम नहीं होगी, किसी भी बजट को जारी नहीं किया जाएगा। कड़रब में जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने स्थानीय लोगों की मांगों को शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया।