हिमाचल प्रदेश में लोकसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी तय करने के लिए कांग्रेस आम कार्यकर्ता की भी नब्ज टटोलेगी। इसके लिए जनवरी के पहले सप्ताह में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की बैठक में जमीनी कार्यकर्ता तक पहुंचने के लिए रणनीति बनाई जाएगी। पार्टी सूत्रों ने बताया कि बीते दिनों दिल्ली में हुई बैठक का संदेश जनता तक पहुंचाने के लिए प्रदेश कमेटी की बैठक के बाद जिला और ब्लॉक अध्यक्षों की शिमला स्थित पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में बैठक बुलाई जाएगी।
इन बैठकों के माध्यम से लोकसभा चुनाव प्रचार के लिए फील्ड में उतरने की घोषणा की जाएगी। दिल्ली में हुई कांग्रेस की रणनीतिक कमेटी की बैठक में हाईकमान ने सभी लोकसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों के नाम तय करते हुए पैनल बनाने को कहा है। ऐसे में इन बैठकों में चारों लोकसभा सीटों से संभावित प्रत्याशियों को लेकर पदाधिकारियों से चर्चा की जाएगी। यह पदाधिकारी जमीनी स्तर पर जाकर कार्यकर्ताओं से भी इस बाबत संवाद करेंगे।
सभी से चर्चा के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी अपना पैनल बनाकर हाईकमान को भेजेगी। प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों के अनुसार लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय और राज्य स्तर के मुद्दों को लेकर भी आगामी दिनों में होने वाली बैठकों में चर्चा की जाएगी। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 10 गारंटियों के दम पर चुनाव लड़ा था।
भाजपा लोकसभा चुनावों में इन गारंटियों को मुद्दा बनाएगी, ऐसे में गारंटियों को लेकर भाजपा का सामना कैसे करना है। इसकी रणनीति भी जनवरी में बनाई जाएगी। इसके अलावा प्रदेश सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के लिए भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं का सहयोग लिया जाएगा।