हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) के समरहिल परिसर में लगातार दो दिनों में सामने आए दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने नौ युवकों को गिरफ्तार किया है। पहला मामला विधि विभाग के बाहर छात्र से मारपीट और धमकी देने से जुड़ा है, जबकि दूसरे मामले में कानून-व्यवस्था ड्यूटी के दौरान पुलिस कार्य में बाधा डालने और मौके पर अव्यवस्था उत्पन्न करने के आरोप में सात युवकों को गिरफ्तार किया गया है।
विधि विभाग के बाहर छात्र से मारपीट का मामला
पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर को एचपीयू के विधि विभाग के बाहर एक छात्र से मारपीट, रास्ता रोकने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस थाना वेस्ट शिमला में एफआईआर दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि कुछ युवकों ने उसके साथ मारपीट की और उसे जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अखिल कुमार (21), निवासी जिला चंबा और आदित्या (23), निवासी जिला सिरमौर को गिरफ्तार किया है। इस मामले में बीएनएस की धारा 115(2), 118(1), 126(2), 351(2), 351(3), 189 और 191(3) के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।
पुलिस कार्य में बाधा डालने के आरोप में सात गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई 23 सितंबर को एचपीयू समरहिल परिसर में कानून-व्यवस्था ड्यूटी के दौरान हुई। पुलिस के अनुसार, इस दौरान कुछ युवकों ने पुलिस कार्य में बाधा डाली और मौके पर अव्यवस्था उत्पन्न की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए क्यूआरटी की सहायता ली गई और युवकों को पुलिस थाना बालूगंज लाया गया।
पुलिस रपट के आधार पर बीएनएसएस की धारा 126/170 के प्रावधानों के तहत सात युवकों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार युवकों में कमलेश निवासी करसोग, जिला मंडी; प्रवेश निवासी शिलाई, जिला सिरमौर; मुकेश और चमन निवासी चूराह, जिला चंबा; आशीष निवासी ननखड़ी, जिला शिमला; किशोर कुमार निवासी कुल्लू सदर तथा हैप्पी निवासी थुनाग, जिला मंडी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, सभी गिरफ्तार युवकों का मेडिकल परीक्षण करवाया गया। इसके बाद उन्हें नियमानुसार थाना हवालात में रखा गया और सक्षम प्राधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। दोनों मामलों में पुलिस की जांच जारी है।