घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू और मेडिकल कॉलेज नेरचौक में भर्ती करवाया गया है। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। औट पुलिस के अनुसार हादसा पंजाब नंबर के आइशर कैंटर और हिमाचल नंबर के टाटा ट्रक के बीच हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शीशे से भरा कैंटर कुल्लू जा रहा था। इसमें मजदूर सवार थे। वहीं, टाटा ट्रक कुल्लू से मंडी की तरफ आ रहा था। टनल नंबर 12 के अंदर कैंटर के दूसरी लेन में गलत दिशा में चले जाने के कारण दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
हादसे के बाद टनल में अफरा-तफरी मच गई और वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने से जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कैंटर का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक जाने के कारण उसमें फंसे लोगों को निकालने में काफी परेशानी हुई। घायलों को तत्काल नगवाईं अस्पताल ले जाया गया। वहां तीन लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि एक घायल ने क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में दम तोड़ दिया। नगवाईं अस्पताल से उत्तर प्रदेश के घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू रेफर किया गया। वहीं, स्थानीय दो घायलों को मेडिकल कॉलेज नेरचौक भेजा गया। पुलिस थाना औट में कैंटर चालक रवि कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 126(ए) और 106(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
ये हैं मृतक और घायल
शकील (20) पुत्र करीम, निवासी पिपली घाट, तहसील हिमायूं चांदपुर, जिला बिजनौर; विशाल (21) पुत्र राजेंद्र सिंह, निवासी गाजीपुर, तहसील व जिला फिरोजाबाद; रवि कुमार (22) पुत्र धाऊजी राम, निवासी कांदीपुर, तहसील फिरोजाबाद, उत्तर प्रदेश और मेघनाथ शर्मा (30) पुत्र दुखी शर्मा, निवासी केलवा लौरिया, बिहार की मौत हो गई। दीपक (26) पुत्र केसरी, निवासी तहसील गिन्नौर, जिला संभल; ऐजात (18) पुत्र शम्साद, निवासी गांव चहला, तहसील छियाव, जिला बिजनौर; दीपक (20) पुत्र चरण सिंह, निवासी गांव नोंना, तहसील मुजफ्फरनगर; और सहजाद (20) पुत्र इसरार, निवासी गांव मोहनपुर, तहसील नजीबाबाद, जिला बिजनौर घायल हो गए हैं। ये सभी आइशर कैंटर में सवार थे। टाटा ट्रक में सवार घायलों की पहचान भागीरथ पुत्र पूर्ण चंद, निवासी गांव पाधरू, तहसील बल्ह और मुकेश कुमार (40) पुत्र शुभकरण, निवासी गांव कैहड़, तहसील बल्ह, जिला मंडी के रूप में हुई है।