फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचल: किन्नौर में बर्फबारी से बदला मौसम, शिमला में झमाझम बारिश; आज सिरमौर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

Sun, 27 Sep 2026 09:21 AM IST
Ankesh Dogra अमर उजाला ब्यूरो, शिमला।

सार

Himachal Weather 27th September: हिमाचल प्रदेश में शनिवार को मौसम अचानक बदला। शिमला में दोपहर बाद तेज बारिश के साथ धुंध छा गई, जबकि किन्नौर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। मौसम विभाग ने रविवार को सिरमौर में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बिलासपुर, मंडी, शिमला, सोलन और किन्नौर में येलो अलर्ट है। बारिश के कारण प्रदेश में 39 सड़कें अभी भी बंद हैं।
Register For Event
विज्ञापन
हिमाचल मौसम। - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। शनिवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई, जबकि जनजातीय जिला किन्नौर के ऊंचाई वाले इलाकों में सीजन की बर्फबारी ने ठंड का अहसास बढ़ा दिया। राजधानी शिमला में दोपहर बाद हुई तेज बारिश के बाद मौसम पूरी तरह बदल गया। झमाझम बारिश के साथ शहर धुंध की चादर में लिपट गया और दिन में ही अंधेरा छा गया। किन्नौर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों छितकुल, सांगला कंडा, भावावैली, आसरंग, कुन्नोचारंग और लिप्पा में बर्फबारी दर्ज की गई। वहीं रिकांगपिओ सहित पूह, भावानगर, टापरी और निचार में भी बारिश हुई।

विज्ञापन


सेब सीजन के बीच बढ़ी बागवानों की चिंता
प्रदेश में इन दिनों सेब सीजन चल रहा है। ऐसे में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी ने बागवानों की चिंता बढ़ा दी है। लगातार खराब मौसम का असर सेब तुड़ान, पैकिंग और मंडियों तक फसल पहुंचाने की प्रक्रिया पर पड़ सकता है। खासकर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश के साथ तापमान में गिरावट से बागवान मौसम पर नजर बनाए हुए हैं।

आज कई जिलों में अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में अगले चार दिन मौसम खराब रहने की संभावना है। रविवार को सिरमौर जिले में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा बिलासपुर, मंडी, शिमला, सोलन और किन्नौर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में तेज बारिश के साथ अंधड़ चलने और बिजली चमकने की भी आशंका जताई गई है। 28 सितंबर को शिमला, सोलन और सिरमौर में येलो अलर्ट रहेगा। मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश में कई स्थानों पर तेज बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है।

विज्ञापन
Trending Videos
विज्ञापन

30 सितंबर से फिर हल्की बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार 30 सितंबर से 2 अक्तूबर तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है। वहीं 27 से 29 सितंबर की सुबह तक दक्षिण-पूर्वी हिमाचल और आसपास के क्षेत्रों में कई स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। बारिश के कारण सड़क यातायात पर भी असर पड़ा है। प्रदेश में 39 सड़कें अभी भी बंद बताई गई हैं। ऐसे में लगातार बारिश होने पर भूस्खलन और सड़कें बंद होने की समस्या बढ़ सकती है। मौसम विभाग ने लोगों और यात्रियों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में सफर करने वालों को सड़क की स्थिति और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी देखकर ही यात्रा करने की जरूरत है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें