चंबा के घोल्टी में फंदे से लटका मिला दसवीं का छात्र
वहीं चंबा जिले के सरोल पंचायत के घोल्टी गांव में बुधवार सुबह 14 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। किशोर का शव घर के अंदर पंखे के कुंडे से दुपट्टे से लटका मिला। मरने वाले बच्चे की पहचान लकी पुत्र सतो निवासी बनगोटू डाकघर पल्यूर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक लकी पिछले पांच-छह वर्षों से घोल्टी गांव में एक सेवानिवृत्त अधिकारी के घर रह रहा था, जहां वह पढ़ाई करता था। वह दसवीं कक्षा का छात्र था। बुधवार सुबह करीब नौ बजे वह कमरे में पंखे के कुंडे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। किशोर ने यह कदम क्यों उठाया, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों और संबंधित लोगों से जानकारी जुटा रही है। साथ ही मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। छात्र के पिता सतो ने पुलिस के समक्ष किसी पर कोई शक जाहिर नहीं किया है।