हिमाचल प्रदेश ने इस श्रेणी में 0.06 अंकों का सकारात्मक अंतर दर्ज किया है। इस मामले में आंध्र प्रदेश 0.15 अंकों के साथ पहले और केरलम 0.07 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। रिपोर्ट में राज्यों की आर्थिक समृद्धि के साथ यह भी आकलन किया गया है कि उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल आम लोगों तक जरूरी सुविधाएं और अवसर पहुंचाने में कितना प्रभावी रहा है। इसके लिए राज्यों के वास्तविक एक्सेस स्कोर की तुलना उनकी आर्थिक स्थिति के आधार पर अपेक्षित स्कोर से की गई है।
एक्सेस इक्विटी इंडेक्स में हिमाचल का सकारात्मक अंतर दर्शाता है कि आर्थिक क्षमता के मुकाबले नागरिकों को सुविधाएं उपलब्ध कराने में राज्य का प्रदर्शन महत्वपूर्ण रहा है। किसी राज्य के विकास का आकलन केवल प्रति व्यक्ति आय और आर्थिक वृद्धि से नहीं किया जा सकता। असली कसौटी यह है कि उपलब्ध संसाधनों का लाभ आम नागरिक तक कितना पहुंच रहा है। - नरेश चौहान, सीएम के प्रधान सलाहकार (मीडिया)