नियमों में कहा गया है कि यात्रियों को टिकट बुक करते समय अपना सही वजन बताना होगा। गलत जानकारी देने की स्थिति में यात्री को उड़ान से वंचित भी किया जा सकता है। हेलीकॉप्टर में यात्रा के लिए अधिकतम 75 किलोग्राम तक वजन वाले यात्रियों को ही अनुमति दी जाएगी। यदि किसी यात्री का वजन 75 किलो से अधिक है, तो उसे तभी उड़ान की अनुमति मिलेगी जब सभी यात्रियों का औसत वजन निर्धारित सीमा के भीतर हो। ऐसे मामलों में 75 किलो से अधिक वजन पर प्रति किलोग्राम 100 रुपये अतिरिक्त शुल्क लिया जाएगा।
हेरिटेज एविएशन रिकांगपिओ और भुंतर के लिए एयरबस एच-125 (एएस350) हेलिकॉप्टर का संचालन करेगी, जिसमें पायलट के साथ पांच यात्री ही सफर कर पाएंगे। हेलीकॉप्टर यात्रा के दौरान यात्रियों के सामान पर भी पाबंदी लगाई गई है। प्रत्येक यात्री को केवल 5 किलोग्राम तक सामान ले जाने की अनुमति होगी। इससे अधिक सामान तभी ले जाया जा सकेगा, जब तकनीकी रूप से इसकी अनुमति दी गई हो। ऐसे में अतिरिक्त सामान पर प्रति किलोग्राम 100 रुपये शुल्क देना होगा। यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर इन नियमों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।