सीएम सुक्खू ने दुग्ध संयंत्र का निरीक्षण किया
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को कांगड़ा जिले के ढगवार में करीब 300 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और इसे निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि संयंत्र का लोकार्पण जनवरी 2027 में किया जाएगा। प्रतिदिन 1.5 लाख लीटर दूध प्रसंस्करण की क्षमता वाले इस अत्याधुनिक संयंत्र से कांगड़ा, ऊना, चंबा और हमीरपुर जिलों के हजारों दुग्ध उत्पादक किसानों को लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और किसानों-पशुपालकों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
संयंत्र में मोजरेला चीज, पनीर, दही, घी और मक्खन सहित विभिन्न दुग्ध उत्पाद तैयार किए जाएंगे, जिन्हें 'हिम' ब्रांड के तहत बाजार में उतारा जाएगा। परियोजना का परीक्षण कार्य जारी है।
सरकार संयंत्र के डिजिटलीकरण के लिए 1.25 करोड़ रुपये और संचालन के लिए 29.49 करोड़ रुपये की कार्यशील पूंजी उपलब्ध करवाएगी। मुख्यमंत्री ने दुग्ध सहकारी समितियों के पंजीकरण में तेजी लाने और अधिक किसानों को जोड़ने के निर्देश भी दिए।