बोले, एचआरटीसी को बसें चलाने में दिक्कत क्यों
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी की शिमला नागरिक सभा ने सुपर स्पेशलिटी अस्पताल चमियाना में सुविधाओं की कमी का मामला उठाया है।
सभा के सदस्यों ने कहा कि अस्पताल के लिए न तो पर्याप्त परिवहन सेवा है, न पार्किंग, न ही परिसर में भोजन की व्यवस्था है। जरूरी सामान खरीदने के लिए भी मुख्य बाजार में आना पड़ता है। अस्पताल की इन सभी समस्याओं को लेकर सभा ने चितकारा पार्क में विशेष बैठक की। इसमें सभा के अध्यक्ष जगमोहन ठाकुर और सचिव विवेक कश्यप ने कहा कि अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशलिटी शिमला (एआईएमएसएस) सिर्फ नाम का अस्पताल है।
उन्होंने इस पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि अस्पताल पहुंचने के लिए पर्याप्त परिवहन सुविधा नहीं है। अस्पताल में अव्यवस्थाओं का अंबार है। अस्पताल पहुंचने के लिए लोगों को निगम के चलने वाले टेंपो ट्रैवलर में भीड़ के बीच खड़े होकर सफर करना पड़ता है। परिवहन निगम सड़क पास न होने का बहाना बनाकर बसें नहीं चला रहा। इस रूट पर फोरलेन के बड़े वाहन रोज चलते हैं, ऐसे में एचआरटीसी के लिए किस तरह की सड़क चाहिए।
अस्पताल में पार्किंग भी नहीं है, इस कारण मरीजों को लेकर आने वाले वाहनों को खड़े करने में दिक्कत होती है। इससे लोगों को एक किलोमीटर दूर सड़क किनारे अपने जोखिम पर गाड़ी खड़ी कर पैदल अस्पताल जाना पड़ता है। ओपीडी में आने वाले मरीजों और तीमारदारों को परिसर में खाने पीने के लिए और आवश्यक सामान खरीदने के लिए कोई मार्केट नजदीक नहीं है।
रात को ठहरना पड़ जाए तो इसके लिए कोई उचित सुविधा नहीं है। कश्यप ने कहा कि अस्पताल में उपचार को आने वाले मरीजों का आंकड़ा एक हजार के पार होने वाला है। शिमला नागरिक सभा के अध्यक्ष जगमोहन ठाकुर और सचिव विवेक कश्यप ने सरकार, विभाग और जिला प्रशासन को चेताया है कि यदि जल्द इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले समय में नागरिक सभा आम जनता को लामबंद कर आंदोलन शुरू करेगी।
सभा की बैठक में उठाई गई ये मांगे
शिमला नागरिक सभा की इस बैठक में चमियाना अस्पताल के लिए आईजीएमसी, संजौली, आईएसबीटी, ओल्ड बस स्टैंड और ढली से नियमित रूप से सुबह सात से रात दस बजे तक बसें चलाने की मांग की गई। इसके अलावा अस्पताल परिसर में बड़ी पार्किंग का निर्माण करने, अस्पताल के पास भोजन की व्यवस्था करने, रात को भट्ठाकुफर से चमियाना तक स्ट्रीट लाइट लगाने, अस्पताल में 24 घंटे सभी तरह के टेस्ट जैसे सिटी स्कैन, एमआरआई की सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग की।