शिमला। राजधानी में बर्फबारी के कारण लोकल डिपो के 151 रूटों पर शनिवार को बसों की आवाजाही नहीं हो पाई। शहर के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में निगम की कई बसें फंसी रहीं। सड़कों की बहाली नहीं होने के कारण इन बसों का संचालन नहीं हो पाया है। वहीं शहर में करीब 40 रूटों का संचालन एचआरटीसी ने किया लेकिन शहर में लगने वाले ट्रैफिक जाम से बसों के संचालन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर की सड़कों पर लगने वाले ट्रैफिक जाम के कारण बसों के रूट बुरी तरह से प्रभावित हुए। आईएसबीटी से पुराना बस अड्डा तक पहुंचने के लिए एचआरटीसी की बस तो तीन घंटे तक का समय लग गया। इस वजह से चालक-परिचालक परेशान रहे। मशोबरा, जुन्गा और भराड़ी में एचआरटीसी की कई बसें फंसी रहीं। एचआरटीसी लोकल डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक अंकुर वर्मा ने बताया कि बर्फबारी के कारण 151 रूटों का संचालन नहीं हो पाया। इसके अलावा जहां बसें भेजी गईं वहां पर भी बसें जाम में फंसी रहीं। ब्यूरो