शिमला। उपायुक्त कार्यालय में मतगणना की तैयारियों को लेकर बैठक में चरचा की गई। अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त यूनुस ने बताया कि जिले के 7 विधानसभा क्षेत्रों के लिए राजकीय महाविद्यालय संजौली में 16 मई को सुबह 8 बजे मतगणना का कार्य आरंभ होगा। सबसे पहले 8 बजे डाक मत पत्रों की गणना होगी। 8.30 बजे ईवीएम के माध्यम से मतगणना की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस कार्य के लिए चुनाव पर्यवेक्षक तथा जिला निर्वाचन अधिकारी के अतिरिक्त 24 अन्य टेबल स्थापित किए जाएंगे। 12 तथा 15 मई को अधिकारियों को मतगणना से संबंधित प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। अतिरिक्त उपायुक्त ने अधिकारियों, कर्मचारियों और चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों से अनुरोध किया कि अपने काउटिंग एजेंटों के फार्म कार्यालय में जमा करवा दें, ताकि उनके फोटो युक्त प्रवेश पत्र बनाए जा सकें। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बल के कर्मचारी बिना पहचान पत्र के मतगणना केंद्र में प्रवेश नही करने देंगे । मतगणना के बाद ईवीएम चुनाव आयोग निर्देशों के अनुसार उपायुक्त कार्यालय में पूर्ण सुरक्षा व्यवस्था के साथ रख दी जाएंगी। बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी, कानून एवं व्यवस्था डीके रत्न, नायब तहसीलदार निर्वाचन राजेंद्र शर्मा भी उपस्थित थे ।