झुंझुनू निकाय चुनाव की तारीखें बदलीं
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान निर्वाचन आयोग ने जिले के 19 नगरीय निकायों के चुनाव कार्यक्रम में बदलाव किया है। आयोग ने शनिवार को संशोधित कार्यक्रम जारी करते हुए पहले और दूसरे चरण के मतदान की तारीखों में अदला-बदली कर दी है। यह फैसला भादवी अमावस्या के दौरान होने वाले धार्मिक आयोजनों और बड़ी संख्या में जुटने वाले श्रद्धालुओं को देखते हुए लिया गया है।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार पहले चरण में शामिल नौ नगरीय निकायों में अब 9 सितंबर को मतदान होगा, जबकि दूसरे चरण के 10 नगरीय निकायों में 11 सितंबर को वोट डाले जाएंगे। पहले चरण में झुंझुनू नगर परिषद, बगड़ और नवलगढ़ समेत कुल नौ निकाय शामिल हैं। वहीं दूसरे चरण में पिलानी, चिड़ावा और सूरजगढ़ सहित 10 नगरीय निकायों में मतदान होगा।
ये भी पढ़ें: जयपुर में बिना लाइसेंस दवा कारोबार का खुलासा,1.40 लाख रुपए की दवाएं जब्त; Phenobarbitone टैबलेट भी मिली
भादवी अमावस्या के चलते बदला कार्यक्रम
जिले में भादवी अमावस्या के अवसर पर हर साल बड़े धार्मिक आयोजन होते हैं। इस वर्ष 10 और 11 सितंबर को जिले के प्रमुख मंदिरों में वार्षिक पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। इन आयोजनों में राजस्थान के अलावा अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन को सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात करना पड़ता है। ऐसे में उसी दौरान नगरीय निकाय चुनाव कराने पर सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका के चलते ये बदलाव किया गया है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने झुंझुनू जिला कलेक्टर को पत्र के माध्यम से स्थानीय परिस्थितियों से अवगत कराया था। पत्र में बताया गया कि मंदिरों और धार्मिक आयोजन स्थलों के आसपास स्थित कई भवनों में नगरीय निकाय चुनाव के मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यदि भादवी अमावस्या के दौरान ही मतदान कराया जाता तो मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बल की तैनाती, श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने और मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने में व्यावहारिक दिक्कतें आ सकती थीं।
इसी को ध्यान में रखते हुए निर्वाचन आयोग ने स्थानीय परिस्थितियों का आकलन करने के बाद मतदान की तारीखों में बदलाव किया है। आयोग का कहना है कि संशोधित कार्यक्रम से चुनाव और धार्मिक आयोजनों दोनों के दौरान सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से संचालित की जा सकेंगी।