फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजस्थान निकाय चुनाव: नामांकन आज से, पहले दिन निर्दलीय उतरेंगे मैदान में; बीजेपी-कांग्रेस के टिकट का इंतजार

Thu, 27 Aug 2026 06:49 AM IST
Sourabh Bhatt न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

सार

राजस्थान के 309 नगरीय निकायों के 10,245 वार्डों में नामांकन शुरू हो गए। रक्षाबंधन और रविवार के कारण प्रत्याशियों को सिर्फ तीन दिन मिलेंगे। बीजेपी-कांग्रेस के टिकट का इंतजार जारी है।
Register For Event
विज्ञापन
नामांकन को लेकर जयपुर कलेक्ट्रेट में चल रहा प्रशिक्षण - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजस्थान के 309 नगरीय निकायों के 10,245 वार्डों में चुनावी प्रक्रिया आज से नामांकन के साथ तेज हो जाएगी। इस बार प्रत्याशियों को नामांकन दाखिल करने के लिए व्यवहारिक रूप से सिर्फ तीन दिन मिलेंगे। 28 अगस्त को रक्षाबंधन और 30 अगस्त को रविवार होने के कारण 27, 29 और 31 अगस्त को ही नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे।

सबसे दिलचस्प स्थिति पहले दिन देखने को मिलेगी। बीजेपी और कांग्रेस ने अभी तक ज्यादातर वार्डों में प्रत्याशियों के नाम घोषित नहीं किए हैं। दोनों दलों के टिकट 28 या 29 अगस्त को जारी होने की संभावना है। ऐसे में 27 अगस्त को निर्दलीय प्रत्याशी और वे दावेदार नामांकन भरेंगे, जिन्हें पार्टी टिकट मिलने की उम्मीद नहीं है।

टिकट के लिए दोनों दलों में जबरदस्त लॉबिंग

निकाय चुनाव में टिकट पाने के लिए बीजेपी और कांग्रेस के प्रदेश कार्यालयों में दावेदारों की भीड़ जुटी हुई है। दोनों दलों में पार्षद के टिकट के लिए करीब एक लाख दावेदारों ने आवेदन किया है। टिकट की दौड़ में शामिल दावेदार अपने-अपने क्षेत्र के नेताओं से संपर्क साध रहे हैं।

टिकट घोषित होने से पहले ही जयपुर समेत प्रमुख शहरों के होटल और पार्टी कार्यालय चुनावी गतिविधियों से गुलजार हैं। पार्टियां दावेदारों के बायोडाटा और राजनीतिक समीकरणों पर मंथन कर रही हैं। टिकट मिलने के बाद प्रत्याशियों के पास प्रचार के लिए भी बेहद सीमित समय रहेगा।

विज्ञापन


यह भी पढें- जयपुर: देर रात स्कूटी पर निकले कलेक्टर संदेश नायक, परकोटे में देखा सफाई का हाल

27 से 31 अगस्त तक प्रक्रिया, लेकिन तीन दिन ही नामांकन

राज्य निर्वाचन आयोग ने नामांकन की प्रक्रिया 27 से 31 अगस्त तक रखी है। हालांकि बीच में रक्षाबंधन और रविवार होने के कारण प्रत्याशियों को नामांकन दाखिल करने के लिए सिर्फ तीन कार्यदिवस मिलेंगे। यानी उम्मीदवारों के सामने टिकट मिलने से लेकर नामांकन दाखिल करने और फिर चुनाव प्रचार शुरू करने तक का समय काफी कम रहेगा। यही वजह है कि पार्टी टिकट का इंतजार कर रहे दावेदारों के बीच भी बेचैनी बढ़ी हुई है।

पाली, फतेहपुर और बीकानेर की वोटिंग डेट बदली

आयोग ने धार्मिक पर्व और स्थानीय परिस्थितियों को देखते हुए कुछ निकायों में मतदान की तारीख में बदलाव किया है।

- पाली नगर निगम: 9 सितंबर की जगह 11 सितंबर को मतदान होगा।
- फतेहपुर नगर परिषद: 11 सितंबर की जगह 9 सितंबर को मतदान होगा।
- बीकानेर नगर निगम: 11 सितंबर की जगह 9 सितंबर को मतदान होगा।
- बीकानेर जिले की छह नगर पालिकाओं में भी 11 की जगह 9 सितंबर को मतदान होगा।

अजमेर और खैरथल-तिजारा में दो चरणों में मतदान

अजमेर जिले के 315 शहरी वार्डों में दो चरणों में मतदान होगा। पहले चरण में पीसांगन, नसीराबाद, केकड़ी, सरवाड़, टांटोटी और सावर की नगर पालिकाएं शामिल हैं। दूसरे चरण में अजमेर नगर निगम, किशनगढ़ नगर परिषद और पुष्कर नगर परिषद में मतदान होगा।

इसी तरह खैरथल-तिजारा जिले के सात नगरीय निकायों में भी दो चरणों में वोटिंग होगी। पहले चरण में खैरथल, तिजारा और भिवाड़ी नगर परिषद तथा दूसरे चरण में किशनगढ़बास, मुंडावर, कोटकासिम और टपूकड़ा में मतदान होगा।

इस बार बुजुर्गों को भी बूथ पर जाकर वोट देना होगा

निकाय चुनाव में घर से मतदान की सुविधा नहीं होगी। लोकसभा चुनाव की तरह बुजुर्ग और बीमार मतदाताओं के लिए होम वोटिंग की व्यवस्था राज्य निर्वाचन आयोग ने नहीं की है। ऐसे मतदाताओं को भी मतदान के लिए पोलिंग बूथ तक पहुंचना होगा।

यानी राजस्थान के निकाय चुनाव में आज से नामांकन का दौर शुरू होने के साथ ही असली चुनावी तस्वीर सामने आने लगेगी। पहले दिन निर्दलीय मैदान में उतरेंगे, जबकि बीजेपी-कांग्रेस के टिकट जारी होते ही अगले दो दिनों में मुकाबले की तस्वीर काफी हद तक साफ हो जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें