Rajasthan News:राजस्थान सरकार 10 दिसंबर को पहली बार प्रवासी राजस्थानी दिवस आयोजित कर रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम विकसित राजस्थान के लिए रोडमैप तैयार करने का बड़ा मंच होगा। कार्यक्रम में शिक्षा, उद्योग, स्वास्थ्य, पर्यटन और जल प्रबंधन पर विशेषज्ञ सत्र आयोजित होंगे।
राज्य सरकार 10 दिसंबर को पहली बार आयोजित होने वाले प्रवासी राजस्थानी दिवस को विकसित राजस्थान के निर्माण में प्रवासी समुदाय की महत्वपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करने के बड़े मंच के रूप में देख रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार शाम को मुख्यमंत्री कार्यालय में इस आयोजन की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक बुलाई। बैठक में कहा कि यह आयोजन केवल औपचारिक कार्यक्रम न होकर राज्य के विकास के लिए एक ठोस रोडमैप तैयार करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रवासी समुदाय के सम्मान में प्रदेश में पहली बार आगामी 10 दिसम्बर को प्रवासी राजस्थानी दिवस का आयोजन करने जा रही है, ऐसे में इस भव्य आयोजन का विभिन्न माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि यह आयोजन हर एक प्रवासी तक पहुंचे तथा यह दुनियाभर में फैले हमारे भाई-बहनों को एक सूत्र में जोड़ने का ऐतिहासिक अवसर साबित हो।
प्रवासी राजस्थानियों की बढ़ रही सहभागिता
बैठक में प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बताया गया कि आयोजन में अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए राजस्थान फाउंडेशन के सभी चैप्टर्स एवं प्रवासी संगठनों के माध्यम से प्रोत्साहित किया जा रहा है। बड़ी संख्या में प्रवासी राजस्थानी इस आयोजन का हिस्सा बनने के लिए अपना पंजीकरण भी करवा रहे हैं। साथ ही, यह भी बताया गया कि प्रवासी राजस्थानी सम्मान अवॉर्ड के लिए प्राप्त आवेदनों का मूल्यांकन भी स्क्रीनिंग कमेटी द्वारा किया जा चुका है।