फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jaipur News: जयपुर में ब्रिक्स उद्योग मंत्रियों की बैठक संपन्न, एमएसएमई और स्टार्टअप सहयोग पर बनी सहमति

Fri, 07 Aug 2026 01:46 PM IST
जयपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

सार

भारत की मेजबानी में आयोजित 10वीं ब्रिक्स उद्योग मंत्रियों की बैठक में सदस्य देशों ने औद्योगिक विकास, हरित तकनीक, डिजिटल परिवर्तन और मजबूत सप्लाई चेन को लेकर साझा रणनीति पर सहमति जताई। सम्मेलन में कई महत्वपूर्ण पहल को मंजूरी दी गई।
Register For Event
विज्ञापन
जयपुर में ब्रिक्स उद्योग मंत्रियों की बैठक संपन्न - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता 2026 के तहत राजस्थान की राजधानी जयपुर में गुरुवार को 10वीं ब्रिक्स उद्योग मंत्रियों की बैठक सफलतापूर्वक आयोजित की गई। "सुदृढ़ता, नवाचार, सहयोग और सतत विकास के लिए निर्माण" विषय पर आयोजित इस सम्मेलन में ब्रिक्स सदस्य देशों के उद्योग मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य पार्टनरशिप ऑन न्यू इंडस्ट्रियल रिवोल्यूशन के तहत औद्योगिक सहयोग को नई दिशा देना रहा।

विज्ञापन


केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि जयपुर भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक औद्योगिक विकास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बदलते वैश्विक औद्योगिक परिदृश्य में ब्रिक्स देशों को अपनी पूरक क्षमताओं का बेहतर उपयोग करते हुए मजबूत, आत्मनिर्भर और प्रतिस्पर्धी औद्योगिक ढांचा विकसित करना चाहिए। वहीं केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने सहयोग, नवाचार और आपसी विश्वास को औद्योगिक विकास की आधारशिला बताते हुए सदस्य देशों के बीच साझेदारी को और मजबूत करने पर जोर दिया।

बैठक की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धि 10वीं ब्रिक्स उद्योग मंत्रियों के संयुक्त घोषणा-पत्र को अपनाना रही। इसके माध्यम से सदस्य देशों ने एमएसएमई, फोटोवोल्टिक उद्योग, स्टार्टअप्स और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में व्यावहारिक सहयोग को आगे बढ़ाने की सामूहिक प्रतिबद्धता जताई। एमएसएमई क्षेत्र को मजबूत करने के लिए एसएमई वर्किंग ग्रुप के सहयोग ढांचे को अंतिम रूप दिया गया। साथ ही फोटोवोल्टिक उद्योग कार्य समूह के लिए कार्य-निर्देश और कार्ययोजना को भी मंजूरी दी गई।
विज्ञापन


ये भी पढ़ें: Jaipur: शिक्षा मंत्री के आश्वासन पर खत्म हुआ तृतीय श्रेणी शिक्षकों का महापड़ाव, ट्रांसफर पॉलिसी पर बनी सहमति

इस मौके पर भारत ने नवाचार आधारित औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए ब्रिक्स इन्क्यूबेटर नेटवर्क और ब्रिक्स स्टार्टअप इनोवेशन फंड की स्थापना का प्रस्ताव रखा। इसके अलावा जीआईएस आधारित इंफ्रास्ट्रक्चर प्लानिंग, सिटी लॉजिस्टिक्स प्लानिंग और मजबूत परिवहन एवं आपूर्ति शृंखला विकसित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

बैठक के दौरान सभी सदस्य देशों ने अपनी औद्योगिक नीतियों, उपलब्धियों और भविष्य की प्राथमिकताओं को साझा किया। साथ ही डिजिटल परिवर्तन, हरित औद्योगिक विकास, तकनीकी नवाचार और क्षमता निर्माण के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी। प्रतिनिधिमंडलों ने भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के दौरान हुई प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि इससे सदस्य देशों के बीच संस्थागत सहयोग और प्रतिस्पर्धी औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।
विज्ञापन


आज होगी ब्रिक्स व्यापार मंत्रियों की बैठक
ब्रिक्स कार्यक्रमों की अगली कड़ी में 7 अगस्त को जयपुर में 16वीं ब्रिक्स व्यापार मंत्रियों की बैठक आयोजित होगी। इसकी अध्यक्षता केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल करेंगे। बैठक में वैश्विक व्यापार व्यवस्था, एमएसएमई, डिजिटल सेवाएं, लचीली सप्लाई चेन और बहुपक्षीय व्यापार प्रणाली को मजबूत बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी।

 

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें