बुजुर्ग ने फंदा लगाकर की आत्महत्या।
- फोटो : Amar Ujala Digital
दौसा जिले के बांदीकुई थाना क्षेत्र के कराड़ी का बास गांव में गुरुवार एक बुजुर्ग का शव पेड़ पर फंदे से लटका हुआ मिला। सूचना फैलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची बांदीकुई थाना पुलिस को मृतक बुजुर्ग के पास से एक सुसाइड नोट बरामद किया। सुसाइड नोट में उसने कर्जे को अपनी मौत की वजह बताया। मृतक की पहचान भगवान सहाय सैनी निवासी दौसा वालों की सेठी ढाणी सिकंदरा के रूप में हुई है।
पत्नी की बहन के पति को जमीन खरीदने के लिए दिया था कर्जा
मृतक के पास मिले सुसाइड में लिखा था कि मेरे साड़ु ( पत्नी की बहन का पति) हरगोविंद श्यालावास में रहता है, उसको 12 दिसंबर 2021 को एक प्लाट खरदने के लिए 6 लाख 50 हजार रुपये नकद उधार दिए थे। पत्नी की बहन का पति अब रुपये वापस मांगने पर धमकी देता है।
मृतक ने अपनी सुसाइड नोट में लिखा है कि ये रुपये मैंने किसी और व्यक्ति से उधार लाकर दिए थे, लेकिन पिछले एक महीने से हरगोविंद परेशान कर रहा था। साथ ही रुपये मांगने पर धमकी देता था, जिसके कारण मैं आत्महत्या जैसा कदम उठा रहा हूं। मेरी मौत का जिम्मेदार मेरा साड़ू हरगोविंद है।
मृतक के पुत्र ने मौसे के खिलाफ दर्ज कराया केस
बांदीकुई थाना प्रभारी बृजेश कुमार ने बताया कि मृतक बुजुर्ग के पास से सुसाइड मिला है। उसमें उसने साडू को रुपये उधार देने की बात कही है। मामले में मृतक के परिजनों की ओर से मामला दर्ज कराया गया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।