डीग जिले की पहाड़ी थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपए के लैपटॉप चोरी मामले का बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 464 चोरी के नए लैपटॉप और वारदात में इस्तेमाल की गई मारुति बलेनो कार बरामद की है। बरामद लैपटॉप की कीमत करीब 4 करोड़ 14 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई को डीग पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार यह मामला महाराष्ट्र के नागपुर जिले के पारशिवनी थाने में दर्ज लैपटॉप चोरी और आपराधिक षड्यंत्र से जुड़ा हुआ है।
जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी अजरूद्दीन उर्फ हजरूद्दीन पुत्र इदरीश निवासी गांव खल्लूका, थाना पहाड़ी जिला डीग को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से मोटरोला कंपनी के 464 नए लैपटॉप बरामद किए गए हैं।
ये भी पढ़ें: Salumber: दावों की खुली पोल, सरकारी स्कूल में कागजी विकास, पानी डालते ही रिसने लगी शौचालय की छत
पुलिस के मुताबिक चोरी किए गए कुल 641 लैपटॉप की कीमत करीब 5 करोड़ 72 लाख 2 हजार 699 रुपए थी। इनमें से अब तक 464 लैपटॉप बरामद कर लिए गए हैं, जबकि शेष 176 लैपटॉप की तलाश लगातार जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी शातिर और आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है। उसके खिलाफ पहले भी इसी प्रकार की वारदातों के दो मामले दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी चोरी के माल को ठिकाने लगाने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पूरी कार्रवाई में थाना पहाड़ी पुलिस और डीएसटी टीम की अहम भूमिका रही। फिलहाल पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चोरी किए गए लैपटॉप कहां सप्लाई किए जाने थे।