खुद की सफलता पर नहीं हुआ यकीन
उन्होंने बताया कि जब उन्होंने यूटीसीएस परीक्षा पास की, तो उन्हें अपनी सफलता पर यकीन ही नहीं हुआ। उस खुशी के पल को याद करते हुए अनुज कहते हैं कि वे अपने कमरे में चले गए और करीब आधे घंटे तक खुशी के आंसू बहाते रहे।
तीसरे प्रयास में मिली बड़ी सफलता
चित्तौड़गढ़ जिले के रावतभाटा निवासी अनुज अग्निहोत्री ने अपने तीसरे प्रयास में ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल की। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय मेहनत के साथ-साथ किस्मत को भी दिया। इससे पहले अपने पहले प्रयास में उनका चयन DANICS (दिल्ली, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह सिविल सेवा) के लिए हुआ था और वे उसका प्रशिक्षण ले रहे थे। वर्तमान में वे दिल्ली में एसडीएम के रूप में प्रोबेशन अवधि में कार्यरत थे।
कोचिंग के बिना हासिल की सफलता
प्रशिक्षण के दौरान भी अनुज ने यूपीएससी की तैयारी जारी रखी। यह उनका तीसरा प्रयास था। खास बात यह रही कि उन्होंने किसी कोचिंग संस्थान की मदद नहीं ली। उनकी सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण रहा। वे प्रतिदिन लगभग 13 घंटे पढ़ाई करते थे। अनुज ने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी मुख्य रूप से ऑनलाइन माध्यम से की। इंटरव्यू की तैयारी के लिए उन्होंने दिल्ली स्थित एन्श्योर आईएएस संस्थान से मार्गदर्शन लिया। इस दौरान उनके मेंटर सचिन जैन, जो पूर्व में आईआरएस अधिकारी रह चुके हैं, ने साक्षात्कार की तैयारी में उनका मार्गदर्शन किया।
साधारण परिवार से हैं ताल्लुक
अनुज अग्निहोत्री का संबंध एक सामान्य परिवार से है। उनके पिता कृष्ण बिहारी राजस्थान परमाणु ऊर्जा स्टेशन में तकनीशियन के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं। अनुज शुरू से ही पढ़ाई में प्रतिभाशाली रहे हैं और अपनी मेहनत के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है।
शिक्षा और करियर की शुरुआत
अनुज ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा रावतभाटा के एटॉमिक एनर्जी सेंट्रल स्कूल से प्राप्त की और वहीं से 10वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने कोटा के एम.बी. पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल से 12वीं की पढ़ाई पूरी की। मेडिकल प्रवेश परीक्षा में सफलता मिलने के बाद उन्होंने जोधपुर स्थित एम्स से एमबीबीएस की डिग्री हासिल की। वर्ष 2023 में मेडिकल इंटर्नशिप पूरी करने के बाद उन्होंने पूरी तरह से सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी पर ध्यान केंद्रित किया।
ये भी पढ़ें: यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा का अंतिम परिणाम जारी, अनुज अग्निहोत्री ने किया टॉप
पढ़ाई के साथ शौक भी खास
अनुज ने बताया कि पढ़ाई के अलावा उन्हें स्टैंड-अप कॉमेडी करना काफी पसंद है। इसके साथ ही वे खाली समय में क्रिकेट देखना भी पसंद करते हैं। अनुज के पिता कृष्ण बिहारी ने कहा कि उन्हें अपने बेटे पर गर्व है। उन्होंने कहा, 'अनुज ने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। हमें विश्वास है कि वह देश के बेहतरीन आईएएस अधिकारियों में से एक बनेगा।'