हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोग
- फोटो : अमर उजाला
जिले के लाखेरी क्षेत्र के गुहाटा में ईआरसीपी परियोजना के निर्माण स्थल पर सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। चंबल नदी के किनारे चल रहे निर्माण कार्य के दौरान अचानक भारी मिक्सर मशीन के गिरने से तीन मजदूर उसकी चपेट में आ गए। हादसे में एक मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों घायलों को उपचार के लिए कोटा रैफर किया गया है।
हादसा दोपहर बाद उस समय हुआ, जब निर्माण स्थल पर मजदूर रोज की तरह काम में जुटे थे। अचानक भारी मिक्सर के गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मशीन की चपेट में मजदूरों के आने की सूचना मिलते ही साथी श्रमिकों ने उन्हें बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस के अनुसार हादसे में सांवरिया गुर्जर और राममुकेश नागर गंभीर रूप से घायल हुए थे। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद कोटा भेजा गया। इलाज के दौरान सांवरिया गुर्जर ने दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे घायल का कोटा में उपचार जारी है।
बारिश के बाद जमीन में नमी बनी वजह?
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि क्षेत्र में हाल में हुई बारिश के कारण जमीन में नमी थी। आशंका है कि भारी मिक्सर का वजन पड़ने से जमीन की स्थिति प्रभावित हुई और मशीन गिर गई। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस और प्रशासन की जांच में यह भी देखा जाएगा कि मशीन की स्थापना, जमीन की स्थिति और निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजामों में किसी तरह की कमी तो नहीं थी। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के लिए जिम्मेदार परिस्थितियों का पता चल सकेगा।
ये भी पढ़ें: Rajasthan: जयपुर में CRPF कैंपस के पास खेत में मिला जिंदा मोर्टार बम, बम निरोधक दस्ते ने किया डिस्पोज
तीन महीने पहले भी लगी थी आग
ईआरसीपी परियोजना के इसी प्लांट में करीब तीन महीने पहले आग लगने की घटना भी सामने आई थी। उस समय मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मची थी, हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं थी। अब दोबारा हादसा होने और एक मजदूर की मौत के बाद निर्माण स्थल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
बड़ी जल परियोजना के निर्माण में सुरक्षा पर सवाल
ERCP राजस्थान की महत्वपूर्ण जल परियोजनाओं में शामिल है। इसके जरिए प्रदेश के कई जिलों तक पानी पहुंचाने की योजना है। ऐसे में परियोजना के निर्माण कार्य के दौरान मजदूर की मौत ने साइट पर सुरक्षा मानकों और व्यवस्थाओं को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसा जमीन की स्थिति, मशीन के असंतुलन या सुरक्षा व्यवस्था में किसी चूक के कारण हुआ, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।