फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jaisalmer News: दिनदहाड़े अपहरण के बाद युवक की हत्या, सड़क किनारे फेंककर फरार हुए हमलावर; क्षेत्र में खौफ

Tue, 09 Jun 2026 09:29 PM IST
बालोतरा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जैसलमेर

सार

जैसलमेर के खुहड़ी थाना क्षेत्र में एक युवक के कथित अपहरण और हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बदमाशों ने युवक को बाइक से गिराने के बाद जबरन वाहन में बैठाया, चलती गाड़ी में उसकी बेरहमी से पिटाई की और गंभीर हालत में सड़क किनारे फेंक दिया।
Register For Event
विज्ञापन
दिनदहाड़े किडनैपिंग के बाद मर्डर, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जैसलमेर के खुहड़ी थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। बदमाशों ने एक युवक का पहले अपहरण किया, फिर चलती गाड़ी में उसकी बेरहमी से पिटाई की और गंभीर हालत में सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए।
विज्ञापन


अस्पताल पहुंचने से पहले ही युवक ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल है, जबकि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश में विशेष टीमें गठित कर दी हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, म्याजलार गांव निवासी महावीर सिंह पुत्र गोरधन सिंह अपने एक साथी के साथ बाइक पर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में दो वाहनों में सवार होकर आए कुछ लोगों ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। अचानक हुई इस घटना से दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर मारने के बाद हमलावरों ने दोनों युवकों को जबरन अपने कब्जे में ले लिया और एक कैंपर गाड़ी में डालकर वहां से रवाना हो गए।

साथी को छोड़ा, महावीर को बनाया निशाना
बताया जा रहा है कि कुछ दूरी तय करने के बाद आरोपियों ने महावीर सिंह के साथी को रास्ते में उतार दिया, लेकिन महावीर को अपने साथ ले गए। इसके बाद आरोपियों ने चलती गाड़ी में ही उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि लाठी-डंडों, लात-घूंसों और अन्य हथियारों से उसे लगातार पीटा गया। मारपीट इतनी क्रूर थी कि महावीर गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावरों ने युवक को लंबे समय तक प्रताड़ित किया और बाद में खुहड़ी थाना क्षेत्र के सोड़ा गांव के निकट सड़क किनारे फेंक दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
विज्ञापन


तड़पता रहा युवक, लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े युवक को देखा तो मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महावीर सिंह गंभीर दर्द में था और बार-बार पानी मांग रहा था। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन कथित तौर पर सहायता पहुंचने में देरी होने पर लोगों ने स्वयं पहल करते हुए निजी वाहनों की मदद से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया।

हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर फैल गई।

सीसीटीवी फुटेज आया सामने
घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि फुटेज में कुछ लोग घायल युवक को वाहन से नीचे फेंकते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस इस वीडियो की जांच कर रही है और इसे महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में देखा जा रहा है। जांच एजेंसियां फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई हैं।

पुरानी रंजिश का एंगल जांच के दायरे में
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान म्याजलार निवासी महावीर सिंह के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

एसपी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जिलेभर में नाकाबंदी करवाई गई है। अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया है और संदिग्धों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ये भी पढ़ें- जयपुर फैक्टरी ब्लास्ट केस: कांप उठा खो नागोरियान, आठ लोगों ने तोड़ा दम; दिल्ली का युवक चला रहा था अवैध कारखाना

मॉर्च्यूरी पर जुटी भीड़, परिवार में आक्रोश
युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजन, रिश्तेदार और बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल की मॉर्च्यूरी पहुंच गए। वहां भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस प्रशासन भी मौके पर मौजूद रहा और स्थिति पर नजर बनाए रखी। परिजनों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है।

इलाके में दहशत, कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
दिनदहाड़े अपहरण, चलती गाड़ी में मारपीट और फिर हत्या जैसी घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे खुलेआम इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले का जल्द खुलासा करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
विज्ञापन


फिलहाल पुलिस हत्या, अपहरण और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ा रही है। पूरे जिले की नजर अब इस बात पर टिकी है कि इस सनसनीखेज हत्याकांड के आरोपियों तक पुलिस कब पहुंचती है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें