अलवर नगर निगम में फिर धरने पर बैठे सफाईकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
अलवर नगर निगम में 329 सफाईकर्मियों की भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद नियुक्ति पत्र जारी नहीं होने से नाराज अभ्यर्थियों ने बुधवार को नगर निगम के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर प्रदर्शन किया। अभ्यर्थियों ने निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और मुख्य गेट बंद कर सड़क पर बैठ गए। इसके चलते कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया और राहगीरों व आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी उन्हें नियुक्ति पत्र देने के बजाय लगातार आश्वासन दिए जा रहे हैं। उनका आरोप है कि प्रशासन ने अब तक केवल पांच अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए हैं, जबकि बाकी अभ्यर्थियों को फिर इंतजार करने के लिए कहा जा रहा है। अभ्यर्थी सभी 329 पदों पर स्पष्ट और लिखित रूप से नियुक्ति पत्र जारी करने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
पहले मंत्री भी दे चुके हैं धरना
सफाईकर्मियों की भर्ती का यह मामला पहले भी चर्चा में रहा है। 12 अगस्त को वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री संजय शर्मा अभ्यर्थियों के समर्थन में कलेक्टर के खिलाफ धरने पर बैठे थे। करीब पांच घंटे चले इस घटनाक्रम के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ और पांच अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए। साथ ही बाकी अभ्यर्थियों को भी जल्द नियुक्ति पत्र देने का भरोसा दिलाया गया था।
ये भी पढ़ें: राजस्थान पुलिस में बड़ा फेरबदल: 57 ASP के तबादले, जयपुर से SOG और जिलों तक बदली जिम्मेदारियां
गृह मंत्री के कार्यक्रम से भी मिली निराशा
अभ्यर्थियों को उम्मीद थी कि 17 अगस्त को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अलवर कार्यक्रम के दौरान लंबित नियुक्ति पत्र जारी कर दिए जाएंगे। प्रशासन की ओर से भी इस दिशा में आश्वासन दिए जाने की बात सामने आई थी। हालांकि कार्यक्रम में बाकी अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र नहीं मिलने से उनकी नाराजगी और बढ़ गई। इसके बाद बुधवार को अभ्यर्थियों ने फिर से नगर निगम के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी नियुक्ति के लिए बार-बार आश्वासन मिलना उनके साथ अन्याय है। उन्होंने प्रशासन से जल्द फैसला लेकर सभी चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी करने की मांग की है।