फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अजमेर नगर निगम चुनाव परिणाम: मंत्री सुरेश सिंह रावत को बड़ा झटका, दोनों वार्ड हारे; कांग्रेस जीती

Mon, 14 Sep 2026 10:57 AM IST
अजमेर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अजमेर

सार

अजमेर निगम चुनाव के नतीजों में जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत को बड़ा झटका लगा है। पुष्कर विधानसभा क्षेत्र में आने वाले वार्ड 61 और 54 में कांग्रेस प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। वार्ड 61 से मीनाक्षी मीणा और वार्ड 54 से प्रीति माहुर विजयी रहीं।
Register For Event
विज्ञापन
अजमेर नगर निगम के परिणाम जारी - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अजमेर निगम चुनाव के परिणाम जारी हो चुके हैं। निर्दलीय प्रत्याशी कई वार्डों में भाजपा-कांग्रेस पर भारी पड़ रहे हैं। राजस्थान के जल संसाधन मंत्री और केबिनेट मंत्री सुरेश सिंह रावत अपने ही विधानसभा क्षेत्र पुष्कर में आने वाले दोनों वार्डों में हार गए हैं। वार्ड नंबर 61 और वार्ड नंबर 54 में कांग्रेस प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। दोनों ही वार्ड सुरेश सिंह रावत की पुष्कर विधानसभा क्षेत्र में आते हैं। वार्ड नंबर 61 से एएसआई हरफूल मीणा की पत्नी मीनाक्षी मीणा ने जीत दर्ज की है, जबकि वार्ड नंबर 54 से प्रीति माहुर विजयी रही हैं।

विज्ञापन

 
अजमेर नगर निगम के 80 वार्डों के चुनाव के पूर्ण परिणाम सामने आ गए हैं। मतगणना में कांग्रेस ने सबसे शानदार प्रदर्शन करते हुए 37 वार्डों में जीत दर्ज की है। कांग्रेस सबसे बड़े दल के रूप में उभरी है। हालांकि कांग्रेस बहुमत के लिए जरूरी 41 वार्डों के आंकड़े से 4 सीट दूर रह गई। वहीं भाजपा ने 32 वार्डों में जीत दर्ज की है, जबकि निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी दमदार प्रदर्शन करते हुए 11 वार्डों में बाजी मारी है।

अब नगर निगम में बोर्ड गठन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस और भाजपा दोनों के पास अपने दम पर बहुमत नहीं है। ऐसे में 11 निर्दलीय पार्षदों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो गई है। महापौर चुनाव से पहले निर्दलीयों को साधने के लिए दोनों प्रमुख दलों की सक्रियता बढ़ना तय माना जा रहा है।
विज्ञापन


अजमेर नगर निगम के 80 वार्डों का परिणाम:

  •  कांग्रेस – 37
  •  भाजपा – 32
  •  निर्दलीय – 11
  • बहुमत का आंकड़ा – 41


जिला निर्वाचन अधिकारी लोक बन्धु ने बताया कि  विजयी प्रत्याशियों को शपथ दिलवाई गई है। उपस्थित सदस्यों को संबंधित रिटर्निंग अधिकारी द्वारा प्रमाण-पत्र भी सौंपे दिए गए हैं।  उन्होंने बताया कि अध्यक्षीय पदों के लिए नगर निकाय निर्वाचन के लिए निर्वाचित सदस्यों को बैठक का नोटिस उपलब्ध कराना होगा। नामांकन पत्रों को प्रस्तुत करने की अन्तिम तिथि 16 सितम्बर रहेगी। नामांकन पत्रों के संवीक्षा की तिथि का कार्य संबंधित रिटर्निंग अधिकारी द्वारा 17 सितम्बर को किया जाएगा। नाम वापस लेने अंतिम तिथि 18 सितम्बर अपरान्ह 3 बजे तक रहेगी। चुनाव चिन्हों के आवंटन का कार्य संबंधित रिटर्निंग अधिकारी द्वारा 18 सितम्बर को किया जाएगा। मतदान 21 सितम्बर को प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया जाएगा। मतगणना 21 सितम्बर को मतदान समाप्ति के तुरन्त पश्चात होगी।

उन्होंने बताया कि इसी प्रकार उपाध्यक्षीय पदों के लिए निर्वाचन का कार्य 22 सितम्बर को संबंधित रिटर्निंग अधिकारी द्वारा किया जाएगा। बैठक का प्रारम्भ प्रातः 10 बजे से होगा। नामांकन पत्रों का प्रस्तुतिकरण प्रातः 11 बजे तक किया जा सकता है। नामांकन पत्रों की संवीक्षा प्रातः 11.30 बजे से होगी। अभ्यर्थिता वापसी का समय दोपहर 2 बजे तक रहेगा। मतदान यदि आवश्यक हुआ तो दोपहर 2.30 से सायं 5 बजे तक होगा। मतगणना का कार्य मतदान समाप्ति के तुरन्त पश्चात किया जाएगा।

80 वाडों में करीब 63.65 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था
80 वार्डों के लिए हुए चुनाव में करीब 63.65 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। यानी शहर की सरकार चुनने के लिए करीब दो-तिहाई मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। अजमेर नगर निगम क्षेत्र में कुल 4,38,039 मतदाता थे, जिनमें से 2,78,804 मतदाताओं ने मतदान किया। इस बार चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चा मतदान प्रतिशत को लेकर रही। वर्ष 2021 के नगर निगम चुनाव में 66.17 प्रतिशत मतदान हुआ था। इसके मुकाबले इस बार मतदान 2.52 प्रतिशत अंक कम रहा है। अब आज आने वाले चुनाव परिणाम से साफ होगा कि कम मतदान का असर किस राजनीतिक दल ओर प्रत्याशी के पक्ष में जाता है।

2005 के बाद तीसरा सबसे ज्यादा मतदान
अजमेर नगर निगम के चुनावी इतिहास पर नजर डालें तो वर्ष 2026 का 63.65 प्रतिशत मतदान 2005 के बाद तीसरा सबसे ज्यादा मतदान है। वर्ष 2005 में 57.80 प्रतिशत, 2010 में 54.80 प्रतिशत, 2015 में 62.78 प्रतिशत और 2021 में रिकॉर्ड 66.17 प्रतिशत मतदान हुआ था। यानी 2010 के बाद लगातार दो चुनावों में मतदान प्रतिशत बढ़ा, लेकिन इस बार फिर इसमें गिरावट दर्ज की गई। हालांकि वर्ष 2010 के 54.80 प्रतिशत मतदान की तुलना में इस बार मतदान करीब 8.85 प्रतिशत अंक ज्यादा है। ऐसे में मौजूदा मतदान प्रतिशत को बहुत कम भी नहीं माना जा सकता। लेकिन 2021 के रिकॉर्ड मतदान से पीछे रहना चुनावी विश्लेषण का बड़ा मुद्दा जरूर बन गया है।

विज्ञापन


ये भी पढ़ें-  राजस्थान निकाय चुनाव परिणाम: जयपुर से जोधपुर तक दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर, अजमेर की क्या रहेगी स्थिति?

2021 में भाजपा का था दबदबा
वर्ष 2021 के नगर निगम चुनाव में भाजपा का प्रदर्शन बेहद मजबूत रहा था। भाजपा ने 80 में से 79 वार्डों में चुनाव लड़ते हुए 47 सीटों पर जीत दर्ज की थी। कांग्रेस को 18, निर्दलीयों को 13 और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी को एक सीट मिली थी। एक वार्ड में भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुई थीं। अब आज आने वाले परिणाम पर सभी की नजरें टिकी हैं। परिणाम सामने आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि अजमेर नगर निगम में इस बार किस दल को बढ़त मिलती है और शहर की सरकार की कमान किसके हाथ में जाती है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें