पंजाब धधक रहा है। रविवार को तापमान में 0.3 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई।
राज्य में बठिंडा 44.6 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा। मौसम विभाग ने सोमवार से अगले तीन दिनों के लिए भीषण लू चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तापमान में तीन डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है।
वहीं पंजाब सरकार ने भीषण गर्मी को देखते हुए आज से सरकारी कार्यालयों का समय सुबह 7.30 से दोपहर 1.30 बजे तक कर दिया है। मोगा में डीसी, के साथ साथ तहसीलदार, एडीसी और अन्य अधिकारी 7.30 से पहले दफ्तर पहुंच गए।
मौसम विभाग के अनुसार 28 मई से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके असर से पंजाब में कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। इससे लोगों को भीषण गरमी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
अमृतसर का अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री, लुधियाना का 41.0 डिग्री, पटियाला का 42.8 डिग्री, फाजिल्का का 42.6 डिग्री और रूपनगर का 40.7 डिग्री दर्ज किया गया।