रोपड़। रोपड़-चमकौर साहिब मार्ग पर सरहिंद नहर के किनारे एक इनोवा कार-टैंपो की टक्कर में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई और दस लोग घायल हो गए। घायलों को रोपड़ के सिविल अस्पताल में भरती करवाया गया है। इनोवा कार चालक और कार में सवार अन्य लोग मौके से फरार हो गए।
वीरवार शाम को रोपड़ चमकौर साहिब मार्ग पर सरहिंद नहर के किनारे लुधियाना की ओर से आ रही एक इनोवा कार और रोपड़ की ओर से जा रहे एक टैंपो में जबरदस्त टक्कर हो गई। इस हादसे में टैंपो सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान सुरमुख सिंह पुत्र आत्मा सिंह वासी बंदे माहल कला, भूपिंदर कौर पत्नी परमजीत सिंह वासी पत्थरेड़ी जट्टां और जगीर कौर पत्नी लछमण सिंह वासी बंदे माहल कला के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। हादसाग्रस्त इनोवा में सवार लोग नूरपुरबेदी इलाके के एक भाजपा नेता के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं पर गाड़ी में सवार सभी लोग मौके से फरार हो गए।
हादसाग्रस्त हुए टैंपो में दो गांवों के 12 लोग सवार थे जिनमें से तीन की मौत हुई है। हादसे में घायलों की पहचान कुलवीर कौर, मेेवा सिंह, परमजीत सिंह वासी बंदे माहल कलां, जसपाल सिंह, जगीर सिंह, जसवीर कौर, परमिंदर सिंह, परमजौत कौक और बलविंदर कौर के रूप में हुई है। एसएचओ मनवीर सिंह बाजवा ने कहा कि वह हादसे की जांच कर रहे है और जांच के बाद मामला दर्ज किया जाएगा। इस हादसे का कारण सड़क को चौड़ा करने के लिए काटे जा रहे पेड़ों को बताया जा रहा है। मौके पर मौजूद लोगों ने कहा कि ठेकेदारों द्वारा सड़क को चौड़ा करने के लिए जो पेड़ काटे जा रहे हैं उन्हें सड़क के बीच में रखा जा रहा है। उन पेड़ों की कटाई के वक्त उड़ती धूल से राहगीरों को परेशानी होती है। इस हादसे का कारण भी यही है।