पठानकोट। नगर निगम की ओर से शहर के रमा चोपड़ा कॉलेज को अवैध रोकने के लिए नोटिस भेजा गया है। निगम के मुताबिक कॉलेज प्रबंधन नई बिल्डिंग की उसारी के लिए अवैध कंस्ट्रक्शन करवा रहा है। नगर निगम के इस नोटिस के बावजूद कॉलेज की ओर से अवैध कंस्ट्रक्शन जारी है। अब नगर निगम कॉलेज के खिलाफ कोर्ट केस की तैयारी कर रहा है।
बताया जा रहा है कि रमा चोपड़ा कॉलेज प्रबंधन की ओर से कॉलेज की बिल्डिंग की रेनावेशन के नाम पर जिस नक्शे पर काम शुरू किया है, वह नगर निगम के नियमों के खिलाफ बताया जा रहा है। इसकी परमिशन कॉलेज प्रबंधन ने नगर निगम से नहीं ली थी। इस संबंध में जब नगर निगम के एमई सतीश सैनी से बात की गई तो उन्होंने कहा कि कॉलेज की प्रिंसिपल को इस संबंध में नोटिस भेज कर अवैध निर्माण को बंद करने को कहा है। इसके बाद भी यदि कॉलेज की ओर से काम किया जाता है तो कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ कोर्ट केस किया जाएगा। नगर निगम के नियमों का उल्लंघन नहीं होने दिया जाएगा। वहीं, कॉलेज की प्रिंसिपल सतिंद्र काहलों ने माना कि नगर निगम की ओर से उन्हें नोटिस मिल गया है। इसमें अवैध कंस्ट्रक्शन को रोकने की बात कही गई है। लेकिन, साथ ही प्रिंसिपल ने इस बात से इंकार किया कि कॉलेज में कोई अवैध कंस्ट्रक्शन हो रही है। उन्होंने कहा कि कॉलेज मेें पुरानी बिल्डिंग की रेनोवेशन हो रही है।