जीरकपुर। ढकोली पुलिस ने चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सतनाम सिंह ने बताया कि टीम संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने दो युवकों को शक के आधार पर रोका, जिनकी तलाशी लेने पर उनके पास से भारी मात्रा में चोरी की गई बिजली की तार बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजा पुत्र महिपाल और बबलू पुत्र हरपाल निवासी पीरमुछल्ला (मकान नंबर 43) के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय थे। खासतौर पर निर्माणाधीन इमारतों को निशाना बनाकर वहां से बिजली के कीमती तार और सामान चोरी करते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद सामान को जब्त कर लिया है। उनके खिलाफ थाना ढकोली में मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी के मुताबिक आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्होंने इलाके में और किन-किन स्थानों पर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। साथ ही, इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की भी तलाश जारी है।