साइबर सेल ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। 15 अगस्त से पहले हिंसक वारदातों का दावा किया गया। इसमें लुधियाना जिला अदालत, पंजाब विधानसभा, राजभवन और फिरोजपुर में बड़े हमले की चेतावनी दी गई।
बटाला थाने पर हालिया हमले के बाद अब स्वतंत्रता दिवस से पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान और राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया को बम से उड़ाने की धमकी देकर पंजाब का माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई है। सोमवार सुबह जिला अदालतों, चंडीगढ़ प्रशासन और ई-कोर्ट तंत्र के आधिकारिक ई-मेल पर भेजे गए धमकी भरे संदेश के बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियां अलर्ट हो गईं।
विज्ञापन
15 अगस्त से पहले हिंसक वारदातों का दावा
साइबर सेल ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। धमकी भरे संदेश में प्रतिबंधित आतंकी संगठनों खालिस्तान नेशनल आर्मी और बब्बर खालसा (परमार गुट) का नाम लेते हुए 15 अगस्त से पहले हिंसक वारदातों का दावा किया गया। इसमें लुधियाना जिला अदालत, पंजाब विधानसभा, राजभवन और फिरोजपुर में बड़े हमले की चेतावनी दी गई। साथ ही लोगों से स्वतंत्रता दिवस समारोह और शिक्षण संस्थानों से दूर रहने की बात कहकर दहशत फैलाने का प्रयास किया गया।
धमकी के बाद चला सर्च ऑपरेशन
ई-मेल मिलने के बाद पटियाला जिला अदालत को खाली कराकर पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया। डीएसपी सिटी-1 संजीव सिंगला ने बताया कि पूरे परिसर की गहन जांच की गई लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। अदालत परिसर और आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस सभी प्रवेश मार्गों पर निगरानी रखे हुए है।
विज्ञापन
पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने न्यायालय परिसरों समेत संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा कड़ी कर दी है। साइबर सेल ई-मेल के इंटरनेट प्रोटोकॉल पते और उसके मूल स्रोत की जांच कर रही है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की है।