खरड़ के पास भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर टोल प्लाजा के पास मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई जबकि एक बुजु्र्ग गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्होंने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। तीनों मृतक हिमाचल प्रदेश के ऊना के रहने वाले थे। हादसे की सूचना मिलते ही घड़ूंआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
ट्राले के अचानक ब्रेक लगाने से हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब एक ट्राले के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। पीछे से आ रही कार चालक को संभलने का मौका नहीं मिला और कार सीधे ट्राले के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
दंपती की तीन माह पहले हुई थी शादी
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दंपती का विवाह करीब तीन माह पहले ही हुआ था। नवविवाहित जोड़े की असमय मौत से परिवार में मातम छा गया है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
पुलिस कर रही जांच
घड़ूंआ थाना पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, ट्राला चालक से भी पूछताछ की जाएगी और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच में अचानक ब्रेक लगने के कारण हादसा होने की बात सामने आई है।