पंजाब पुलिस संगठित अपराध के खिलाफ अपनी कार्रवाई को तेज करने के लिए इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी रोपड़ के साथ साझेदारी करके आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित अपराध नियंत्रण प्रणाली मजबूत करेगी।
इस पहल का उद्देश्य अपराधियों का व्यवस्थित डेटाबेस तैयार करना और गैंगस्टरां ते वार और युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान को मजबूत करना है ताकि पंजाब और राज्य से बाहर सक्रिय गैंगस्टर नेटवर्क को नष्ट किया जा सके।
प्रोजेक्ट के लिए डॉ. बीआर आंबेडकर स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज और आईआईटी रोपड़ के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं। जहां एम्स मोहाली में स्थापित डाटा इंटेलिजेंस और टेक्निकल सपोर्ट यूनिट विभिन्न हितधारकों के बीच समन्वय करके प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाएगी।
विदेशों से चल रहे गैंगस्टर नेटवर्क पर की जा सकेगी कार्रवाई
इससे रीयल-टाइम ट्रैकिंग और इंटेलिजेंस-आधारित पुलिसिंग संभव होगी जिससे विदेशों से चल रहे गैंगस्टर नेटवर्क पर भी कार्रवाई की जा सकेगी। इसमें स्कैन की गई पीडीएफ फाइलों और हस्तलिखित रिकॉर्ड को डिजिटल रूप में बदलकर एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध करवाया जाएगा। विभाग के अनुसार आईआईटी रोपड़ के साथ यह साझेदारी पुलिस फोर्स की एआई और मशीन लर्निंग क्षमताओं को मजबूत करेगी। पुलिस कर्मी अपराध के पैटर्न की पहचान करने के लिए बेहतर तरीके से लैस होंगे।