सिंघा देवी के जंगलों में फैली आग पर वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई थी।
गांव नाडा के सिंघा देवी मंदिर के पीछे पहाड़ों में स्थित जंगल में अचानक आग लग गई। इस आग पर वन विभाग की टीम ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद काबू पाया। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
विज्ञापन
वन विभाग के गार्ड कंवरदीप सिंह को करीब दो बजे आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम सदस्य सिमरण सिंह, बेलदार शेर सिंह, निर्मल निम्मा, रामकेश, कर्मा सिंह और निर्मल के साथ मौके पर पहुंचे। पहाड़ी इलाका होने के कारण दमकल विभाग की गाड़ी का पहुंचना मुश्किल था, इसलिए आग को झाड़ियों की मदद से बुझाया गया।
विज्ञापन
गार्ड ने बताया कि आग लगने की मुख्य वजह सूखी घास है, जिसमें आग जल्दी फैलती है। यह भी आशंका जताई जा रही है कि किसी ने सिगरेट या अन्य ज्वलनशील वस्तु फेंकी हो, जिससे आग भड़की हो।
बता दें कि इन पहाड़ों के साथ ही एक कॉलोनी भी है और अक्सर लोग यहां घूमने आते रहते हैं। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई थी।